Korba News: ड्रोन और थर्मल तकनीक से खनिज माफियाओं पर शिकंजा, जेसीबी समेत तीन वाहन जब्त
खनिज उड़नदस्ता दल ने कोरबा शहर से लगे सीतामढ़ी क्षेत्र में हसदेव नदी पर ड्रोन कैमरे के माध्यम से औचक निगरानी और कार्रवाई की। अभियान के दौरान ड्रोन कैमरे में नदी में अवैध रेत उत्खनन करते हुए एक जेसीबी की गतिविधियां रिकॉर्ड की गईं। ड्रोन की सतत निगरानी के दौरान वाहन का पीछा करते हुए उसकी लोकेशन इमलीडुग्गू तक चिन्हित की गई। इसके बाद खनिज जांच दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और अवैध उत्खनन में संलिप्त जेसीबी तथा अवैध रेत परिवहन कर रहे एक टीपर को जब्त कर खनिज जांच चौकी, उरगा की अभिरक्षा में रखा। इसी अभियान के दौरान राताखार क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर रामपुर थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। इस प्रकार एक ही अभियान में कुल तीन वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। सहायक खनिज अधिकारी राकेश वर्मा ने बताया कि अब जिले में अवैध खनन पर निगरानी के लिए ड्रोन तकनीक का नियमित उपयोग किया जाएगा। साथ ही, रात के अंधेरे का लाभ उठाकर अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों पर नजर रखने के लिए थर्मल इमेजिंग तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। ड्रोन कैमरे में रिकॉर्ड साक्ष्यों के आधार पर भागने या वाहन छिपाने की कोशिश करने वाले भी कार्रवाई से नहीं बच सकेंगे। korba
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 20:06 IST
Korba News: ड्रोन और थर्मल तकनीक से खनिज माफियाओं पर शिकंजा, जेसीबी समेत तीन वाहन जब्त #CityStates #Crime #Korba #SubahSamachar
