Una News: स्मार्ट मीटर विवाद, चेक मीटर के साथ स्थापना पर सहमत हुए दुकानदार
बडूही (ऊना)। विद्युत उपमंडल चौकीमन्यार के तहत बडूही बाजार में पिछले कुछ दिनों से स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार सोमवार को आपसी सहमति के साथ सुलझ गया। विद्युत उपमंडल चौकीमन्यार के एसडीओ विवेक ठाकुर, व्यापार मंडल बडूही के पदाधिकारियों तथा स्थानीय दुकानदारों के बीच हुई बैठक में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सहमति बनी।बैठक के दौरान बिजली बोर्ड अधिकारियों ने व्यापारियों की सभी शंकाओं का समाधान किया। एसडीओ विवेक ठाकुर ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक स्मार्ट मीटर के साथ चेक मीटर भी लगाया जाएगा, जिससे उपभोक्ता दोनों मीटरों की रीडिंग का मिलान कर सकेंगे और उन्हें किसी प्रकार की पारदर्शिता संबंधी चिंता नहीं रहेगी।व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और दुकानदारों ने भी अपनी मांगों और चिंताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। विस्तृत चर्चा के बाद दुकानदार स्मार्ट मीटर के साथ चेक मीटर लगाने के प्रस्ताव पर सहमत हो गए। इसके साथ ही पिछले दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा उनकी बात सुनी गई और उचित आश्वासन दिए गए। एसडीओ विवेक ठाकुर ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है।ध्यान रहे कि कुछ दिन पूर्व स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बडूही बाजार में व्यापारियों और बिजली बोर्ड के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। व्यापारियों के विरोध के बाद विभाग ने उन्हें निर्णय लेने के लिए समय दिया था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 15, 2026, 23:57 IST
Una News: स्मार्ट मीटर विवाद, चेक मीटर के साथ स्थापना पर सहमत हुए दुकानदार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
