Solan News: एचआरटीसी की प्रशिक्षण बस हादसे का शिकार, नालागढ़ कॉलेज के छात्र-छात्राओं समेत कई यात्री भी थे सवार
गाबर मोड़ वाया लुनस, भीनीजोड़ी, नंड और रामशहर से नालागढ़ जाने वाले रूट पर मंगलवार को एचआरटीसी की प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) बस हादसे का शिकार हो गई। बस में रामशहर और नालागढ़ कॉलेज के छात्र-छात्राओं समेत कई यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण बस मलग से आगे टलौटी मार्ग के पास पहुंची तो सड़क के किनारे एक तरफ नीचे की ओर झुक गई। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और यात्रियों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एचआरटीसी पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस कठिन और संकरे पहाड़ी मार्ग पर प्रशिक्षण वाहनों का संचालन जोखिम भरा है। लोगों ने मांग की कि ऐसे रूटों पर केवल अनुभवी चालक और पूरी तरह फिट बसें ही चलाई जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है। बस को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। समय रहते बड़ा हादसा टलने से यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 23, 2026, 10:11 IST
Solan News: एचआरटीसी की प्रशिक्षण बस हादसे का शिकार, नालागढ़ कॉलेज के छात्र-छात्राओं समेत कई यात्री भी थे सवार #CityStates #Solan #Shimla #HimachalPradesh #HrtcTrainingBus #HrtcBusAccident #SolanNews #Ramshahr #NalagarhRoute #HimachalBusAccident #SubahSamachar
