Ayodhya News: एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी के खिलाफ धरना देगी सपा
अयोध्या। सांसद अवधेश प्रसाद ने एसआईआर प्रक्रिया में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने भाजपा के इशारे पर सपा समर्थित मतदाताओं का सूची से नाम काटने का दावा किया है। इस मुद्दे पर 24 फरवरी को मिल्कीपुर तहसील में धरना-प्रदर्शन का एलान किया है।बुधवार को सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद ने कहा कि लोकतंत्र की जड़ें कमजोर करने के लिए एसआईआर से वोटों की कटौती की जा रही है। इसे लेकर सपा प्रमुख लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन चुनाव आयोग व भाजपा सरकार की मिलीभगत से इस पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। अमानीगंज ब्लॉक के खलिया क्षेत्र में 800 मुस्लिम व 200 दलित मतदाताओं का नाम काट दिया गया।मजनाई में 950, चंदौरा, महमदपुर में लगभग 1000 मुस्लिम व यादव मतदाताओं का नाम काटा गया। करमडांडा के प्रधान मुलायम सिंह यादव का नाम मतदाता सूची से गायब कर दिया गया। मवई क्षेत्र के एक गांव में 994 मत काटे गए हैं। पलियामाफी निवासी युवतियों प्रीति व क्रांति को विदेशी बताया गया। कहा कि भाजपा साजिश के तहत लोगों का मताधिकार खत्म करना चाहती है।सपा का एक-एक कार्यकर्ता बूथों पर लगा है। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। 24 फरवरी से मिल्कीपुर से धरना-प्रदर्शन की शुरुआत होगी। इसके बाद सभी तहसील मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा जाएगा। सपा प्रमुख से आदेश मिलने पर जेल भरो आंदोलन भी चलाया जाएगा। किसी कीमत पर लोकतंत्र की जड़ कमजोर होने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय, निवर्तमान जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, वरिष्ठ नेता राघवेंद्र सिंह अनूप, हामिद जाफर मीसम आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 17:14 IST
Ayodhya News: एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी के खिलाफ धरना देगी सपा #SPToStageProtestAgainstIrregularitiesInSIRProcess #SubahSamachar
