CG Weather: अच्छी बारिश के लिए छत्तीसगढ़ में हुआ विशेष यज्ञ, वरुण और इंद्रदेव का किया गया आह्वान, देखें वीडियो
Varun Yagya in CG: छत्तीसगढ़ में अभी पूरी तरह से मानसून नहीं पहुंचा है। ऐसे में प्रदेश में इस साल अच्छी बारिश के लिये रायपुर स्थित सुरेश्वर महादेव पीठ में वरुण यज्ञ का आयोजन किया गया। किसानों की समृद्धि और सुख-शांति की कामना के साथ रायपुर के कचना रोड स्थित सुरेश्वर महादेव पीठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरुण यज्ञ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में वरुण और इंद्र देव का आह्वान किया गया। समय पर अच्छी बारिश होने के लिये प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं ने प्रदेश के खेत फिर से हरियाली से भर जाएं और किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौट आए, इस कामना को लेकर पूजा अर्चना की। पीठ के संस्थापक डॉ. स्वामी राजेश्वरानंद के मार्गदर्शन में यज्ञ की शुरुआत भगवान गणेश एवं नवग्रह पूजन से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान वरुण देव की विशेष पूजा की गई। यज्ञ में प्रकृति के संतुलन, समय पर वर्षा और प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई। बता दें कि धान उत्पादक छत्तीसगढ़ में किसान आसमान की ओर उम्मीद से देख रहे हैं। बोआई के लिये खेत तैयार हैं, लेकिन बेहतर बारिश नहीं होने के कारण धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। ऐसे समय में प्रदेश में अच्छी बारिश समय से हो इसके लिए वरुण यज्ञ का आयोजन किया गया। आहुति देकर बेहतर बारिश होने की कामना की गई। इस मौके पर कायम सिंह भगत, हिमांशु महाराज, रामकृष्ण त्रिपाठी, हनुमान प्रसाद शर्मा, दानीराम साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 02, 2026, 10:06 IST
CG Weather: अच्छी बारिश के लिए छत्तीसगढ़ में हुआ विशेष यज्ञ, वरुण और इंद्रदेव का किया गया आह्वान, देखें वीडियो #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #VarunDev #Indradev #VarunYagya #VarunYagyaInRaipur #Varun yagyaInCg #KachnaRaipur #SubahSamachar
