Delhi: फ्लाईओवर पर फिसली स्पोर्ट्स बाइक, दो दोस्तों की गई जान, बिगड़ न जाए इसलिए मौसी के पास रहता था शाहिद
बाहरी-उत्तरी दिल्ली के मुकुंदपुर फ्लाईओवर पर रविवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त सैफ अली (20) और मोहम्मद शाहिद (19) के रूप में हुई है। हादसे के समय दोनों बाइक से बवाना से बुराड़ी की ओर जा रहे थे। इस बीच मुकुंदपुर फ्लाईओवर के लूप स्थित तीव्र मोड़ पर इनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक फिसलने से दोनों दोस्त फ्लाईओवर की साइड वॉल से टकरा गए। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिसकी वजह से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ चश्मदीदों ने दावा किया कि बाइक पर तीन युवक थे, इनमें से एक युवक फ्लाईओवर के नीचे नाले में गिर गया है। पुलिस ने नाले में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार शाम को सैफ, शाहिद व समीर बवाना से एक ही बाइक पर निकले थे। परिजनों को भी तीनों के एक साथ होने का पता था। शाम करीब 7.30 बजे समीर बवाना इलाके में ही बाइक से उतरकर कहीं चला गया। इस बीच सैफ व शाहिद बुराड़ी जाने के लिए निकले। दोनों रिंग रोड होते हुए बवाना से बुराड़ी की ओर जा रहे थे। इस बीच मुकुंदपुर फ्लाईओवर लूप के तीव्र मोड़ पर इनकी बाइक फिसली और दोनों फ्लाईओवर की साइड वॉल से टकरा गए। सैफ और शाहिद के परिजनों ने बताया कि समीर भी इनके साथ था। वहीं राहगीरों ने एक युवक के नाले में गिरने की बात की तो पुलिस को लगा कि शायद तीसरा युवक सचमुच नाले में गिरा है। इसको लेकर तलाश अभियान चलाया गया। देर रात को समीर जब घर पहुंचा तीसरे युवक के नाले में गिरने की बात खत्म हो गई। बिगड़ न जाए इसलिए मौसी के पास रहताथा शाहिद परिजन ने बताया कि शाहिद अपनी मौसी शब्बू के साथ बुराड़ी गली नंबर-8 में रहता था। इसके परिवार में मां रूबी है व दो बहनों के अलावा शाहिद इकलौता बेटा था। वह मोटर मेकेनिक का काम सीख रहा था। शाहिद की मां को लगता था कि बवाना में रहने के दौरान वह बिगड़ जाएगा। इसलिए शाहिद को बहन शब्बू के पास बुराड़ी में छोड़ा था। यहां रहने के दौरान शाहिद की सैफ अली से दोस्ती हुई। सैफ का परिवार संगम विहार इलाके में रहता है। पिता का अपना कारोबार है। दो साल पहले इरीश ने जन्मदिन पर सैफ को बाइक दी थी। लहराकर चला रहे थे बाइक तभी हुआ हादसा छानबीन में पता चला है कि हादसे के समय बाइक सवार दोनों दोस्तों की रफ्तार काफी तेज थी। दोनों लहराकर बाइक चला रहे थे, इसके अलावा दोनों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। यही वजह है कि बाइक फिसलते ही दोनों के सिर में गंभीर चोट आई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 28, 2026, 04:03 IST
Delhi: फ्लाईओवर पर फिसली स्पोर्ट्स बाइक, दो दोस्तों की गई जान, बिगड़ न जाए इसलिए मौसी के पास रहता था शाहिद #CityStates #Delhi #ShahidNews #DelhiPolice #DelhiCrimeNews #SubahSamachar
