Meerut News: किठौली में लावारिस कुत्तों ने महिला पर किया हमला, घायल

संवाद न्यूज एजेंसीजानीखुर्द। गांव किठौली में सोमवार की सुबह लावारिस कुत्तों के झुंड ने खेत में चारा लेने गई 60 वर्षीय विमला पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। ऐसी घटनाओं से किठौली व आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। सोमवार की सुबह किठौली गांव निवासी विमला पत्नी सतवीर पड़ोसी महिलाओं के साथ खेतों में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। महिलाओं ने चारा काटना शुरू किया। पास में घूम रहे लावारिस कुत्तों ने अचानक विमला को चारों तरफ से घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। विमला की चीख-पुकार सुनकर साथ मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए कुत्तों को भगाने और उन्हें बचाने का काफी प्रयास किया। जब तक लावारिस कुत्तों के चंगुल से उन्हें छुड़ाया गया, तब तक उन्हें नोच-नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लहूलुहान अवस्था में विमला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घटना में विमला को कुत्तों ने आधा दर्जन से ज्यादा स्थानों पर काटा है। इसके चलते विमला की हालत खराब बताई गई है।ग्रामीणों का कहना है कि इससे पूर्व गांव सिसौला खुर्द निवासी सूरजमुखी और गांव किठौली के ही एक नवजात शिशु की कुत्तों के हमले में मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हमलों के बावजूद कोई ठोस कदम न उठाए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने शासन व प्रशासन से मांग की है कि किठौली और आसपास के गांवों में लावारिस कुत्तों के खौफ से राहत दिलाने के लिए तुरंत अभियान चलाकर इन्हें पकड़ा जाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 20, 2026, 21:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: किठौली में लावारिस कुत्तों ने महिला पर किया हमला, घायल #StrayDogsAttackWomanInKithauli;SheIsInjured. #SubahSamachar