आपदा मित्र के साथ संचार तंत्र को बनाएं और सशक्त : राठौर
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) के उपाध्यक्ष दीपक राठौर ने कहा कि आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपदा मित्रों के साथ संचार तंत्र को और सशक्त बनाना बेहद जरूरी है। सोमवार को कांगड़ा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) कार्यालय के दौरे के दौरान उन्होंने आपदा पूर्व तैयारियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संचार प्रणालियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपदा मित्रों के प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने और स्वयंसेवकों की क्षमता वृद्धि पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। राठौर ने जिले के विभिन्न ट्रैकिंग मार्गों पर स्थापित आपदा मित्र स्टेप्स पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे पर्यटकों और ट्रैकर्स को सही दिशा मिल रही है तथा रास्ता भटकने की घटनाओं पर अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्वयंसेवक आपदा के समय प्रशासन और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। दौरे के दौरान उन्होंने वीएचएफ सेट, सैटेलाइट फोन और हैम रेडियो जैसी वैकल्पिक संचार प्रणालियों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया तथा आपदा मित्र व राजमिस्त्रियों के प्रशिक्षण का जायजा लिया। इस अवसर पर एडीसी कांगड़ा विनय कुमार ने आपदा मित्रों को उचित पहचान व सम्मान देने की बात कही, ताकि अधिक युवा समाज सेवा से जुड़ें। वहीं, प्रशिक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह ने राहत व बचाव कार्यों में विभिन्न एजेंसियों के साथ डीडीएमए के समन्वय तंत्र की जानकारी साझा की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 27, 2026, 19:24 IST
आपदा मित्र के साथ संचार तंत्र को बनाएं और सशक्त : राठौर #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
