Yamuna Nagar News: बोर्ड परीक्षाओं में नकल पर सख्ती, 57 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध

यमुनानगर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 सहित आवश्यक प्रावधान लागू किए जाएं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था हो। इसके अलावा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पेयजल, बिजली, स्वच्छ शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के भी निर्देश दिए गए। वीसी के बाद डीसी प्रीति ने संबंधित विभागों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 42 ग्रामीण और 15 शहरी क्षेत्र में स्थित हैं। दसवीं कक्षा की परीक्षा में 18,039 तथा बारहवीं में 15,414 विद्यार्थी शामिल होंगे। डीसी ने बताया कि सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रश्न पत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और नकल रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी पहचान पत्र साथ रखेंगे।एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास गश्त बढ़ाई जाएगी तथा असामाजिक तत्वों और नकल माफिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंगकेदौरानमौजूदअधिकारी।डीआईपीआरओ

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 26, 2026, 02:43 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: बोर्ड परीक्षाओं में नकल पर सख्ती, 57 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध #StrictnessOnCheatingInBoardExams #StrictSecurityArrangementsAt57Centers #SubahSamachar