Hapur News: नए नियम के विरोध में जारी रही हड़ताल, बैनामा के लिए लोग परेशान
हापुड़। दस्तावेज लेखक तहसील संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को भी लगातार पांचवें दिन जारी रही। इस कारण तहसील व उप निबंधन कार्यालय में कामकाज ठप रहा। बैनामे से लेकर तहसील के कार्यों को कराने के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार को पदाधिकारियों ने निबंधन कार्यालय में एआईजी स्टांप सुनीता वाजपेयी को ज्ञापन भी सौंपे। उदय सिंह जयंत ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के पंजीकरण व निबंधन विभाग की ओर से चार जून को आदेश जारी किया गया है, इसमें प्राइवेट संस्थाओं को दस्तावेजों का पंजीकरण कराए जाने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके विरोध में लगातार अधिवक्ता, बैनामा लेखक, स्टांप विक्रेता, अर्जी नवीस आदि हड़ताल पर हैं। जब तक आदेश वापस नहीं होगा, यह सभी लोग इस नए आदेश के विरोध में हड़ताल पर रहेंगे। बता दें कि इस हड़ताल के कारण लोगों के तहसील से संबंधित सभी प्रकार के कार्य ठप पड़े हैं। यहां तक कि बैनामे न होने से सरकार को भी लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचा है।इस दौरान जितेंद्र कुमार, सतीश, मनीष, सुमित आजाद, टुक्कीराम, रामेश्वर सिंह, विजय, आनंद स्वामी, दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 19:15 IST
Hapur News: नए नियम के विरोध में जारी रही हड़ताल, बैनामा के लिए लोग परेशान #HapurNews #SubahSamachar
