Kullu News: केलांग में विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
केलांग। जिला मुख्यालय के पुराने परिधि गृह में रेडक्रॉस दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त किरण भड़ाना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवता की सेवा और सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।स्वास्थ्य विभाग ने रक्तदान शिविर लगाया, जिसमें 39 लोगों ने रक्तदान किया। वहीं, पुलिस विभाग ने नशा निवारण विषय पर कार्यशाला आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।इससे पहले स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केलांग, राजकीय प्राथमिक विद्यालय केलांग और केंद्रीय विद्यालय केलांग के विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपायुक्त ने विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान डीएसपी रश्मि शर्मा, जिला आयुष अधिकारी नताशा ठाकुर, कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज कुमार गांधी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 08, 2026, 13:21 IST
Kullu News: केलांग में विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली #StudentsOrganisedAnAwarenessRallyInKeylong. #SubahSamachar
