Gurugram News: 30 दिन स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने पर छात्रों को मिलेगा प्रमाण पत्र
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों में स्वच्छता की आदत विकसित करने और उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने के लिए शिक्षा निदेशालय नई पहल शुरू करने जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी सरकारी स्कूलों में नियमित रूप से स्वच्छता पीरियड आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में 30 दिन तक भागीदारी करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।निदेशालय के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक छात्र को सप्ताह में एक दिन स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लेना होगा। इस दौरान केवल स्कूल परिसर की साफ-सफाई ही नहीं कराई जाएगी, बल्कि विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। विभाग का मानना है कि इससे छात्रों में स्वच्छता को लेकर व्यावहारिक बदलाव आएगा और वे अपने घर व आसपास के क्षेत्रों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में भूमिका निभाएंगे। स्कूलों में प्रार्थना सभा, खेल गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के माध्यम से भी स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। स्कूल खुलते ही इस योजना को लागू करने की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी और स्कूल स्तर पर गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। विभाग के अनुसार जो छात्र निर्धारित अवधि के दौरान कम से कम 30 दिन तक स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेंगे, उन्हें प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 17:37 IST
Gurugram News: 30 दिन स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने पर छात्रों को मिलेगा प्रमाण पत्र #StudentsWillReceiveACertificateForParticipatingInThe30-dayCleanlinessDrive. #SubahSamachar
