नशा स्वास्थ्यपर गंभीर प्रभाव डालता है : सतीश

संवाद न्यूज एजेंसीझज्जर। खेड़ी खुमार स्थित संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में झज्जर पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। नशा मुक्ति टीम के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, समाज और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताते हुए संदिग्ध कॉल और फर्जी लिंक से सतर्क रहने, ओटीपी किसी से साझा न करने और ठगी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। साथ ही डायल 112 आपातकालीन सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसी भी आपात स्थिति में सहायता लेने की अपील की गई। सड़क सुरक्षा पर विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण, यातायात नियमों के पालन और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संकल्प लिया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 17:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




नशा स्वास्थ्यपर गंभीर प्रभाव डालता है : सतीश #SubstanceAbuseHasASeriousImpactOnHealth:Satish #SubahSamachar