Delhi NCR News: सरना भाइयों के जरिये कांग्रेस से गठबंधन की कोशिश कर रहे सुखबीर बादल
कालका और काहलों ने किया दावा, कहा- हरविंदर सिंह राहुल गांधी से गठबंधन के सिलसिले में मिलेअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, सरना भाइयों के माध्यम से कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन की कोशिश कर रहे हैं। यह दावा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों किया है। इन्होंने यह भी दावा किया है कि इसी सिलसिले में हरविंदर सिंह सरना ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की।गुरुद्वारा रकाबगंज में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कालका और काहलों ने कहा कि हरविंदर सिंह सरना बुधवार शाम गुलदस्ता लेकर राहुल गांधी से मिलने पहुंचे और दोनों दलों के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी पर 1984 के सिख नरसंहार का दाग है, उसी पार्टी से गठबंधन की कोशिश करना सिख कौम के साथ बड़ा विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि अकाली दल बादल उस पार्टी के साथ हाथ मिलाना चाहता है, जिसने सिखों पर अत्याचार किए। इस पूरे मामले को लेकर वे अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार साहिब को लिखित शिकायत भी भेज रहे हैं।कालका और काहलों ने कहा कि सरना भाइयों के कार्यकाल में 1984 के दोषियों को सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि सिख कौम को इस तरह कलंकित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अकाल तख्त साहिब से मांग की कि हरविंदर सिंह सरना और परमजीत सिंह सरना से जवाब तलब किया जाए। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल से भी सवाल किया कि क्या हरविंदर सिंह सरना उनसे अनुमति लेकर राहुल गांधी से मिलने गए थे।यदि बिना अनुमति गए थे तो उन्हें पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए। यदि अनुमति लेकर गए थे तो यह स्पष्ट है कि सुखबीर बादल स्वयं कांग्रेस से गठबंधन चाहते हैं। कालका और काहलों ने गुरुद्वारा अंब साहिब, मोहाली की जमीन बेचे जाने के मामले को भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरना भाई और मनजीत सिंह जीके दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी पर झूठे आरोप लगाते रहते हैं, लेकिन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की करोड़ों रुपये की जमीन बेचे जाने पर चुप्पी साधे हुए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 19:42 IST
Delhi NCR News: सरना भाइयों के जरिये कांग्रेस से गठबंधन की कोशिश कर रहे सुखबीर बादल #SukhbirBadalTryingForAllianceWithCongressThroughSarnaBrothers #SubahSamachar
