Sultanpur: हाईवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो सहेलियों की मौत, जलाभिषेक कर लौट रही थीं दोनों
लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर मौलागंज के पास सोमवार सुबह मंदिर से जलाभिषेक कर घर जा रही दो सहेलियों की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार बगल स्थित दीवार से टकरा गई, जिससे दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार को घटनास्थल पर छोड़कर चालक भाग निकला। मृतकों की पहचान गोसाईगंज के टांटियानगर निवासी पार्वती (24) व मानकी (21) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार पार्वती व मानकी ने सावन सोमवार का व्रत रखा था। दोनों सहेलियां एक साथ सुबह करीब नौ बजे घर से सैफुल्लागंज स्थित शिव मंदिर पर जलाभिषेक करने के लिए घर से निकली थीं। वहां पूजा करने के बाद वह दोनों पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे पैदल घर की ओर जा रही थीं। मौलागंज के पास पहुंचते ही अचानक कादीपुर की ओर से जा रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। पार्वती व मानकी से टकराने के बाद कार बगल स्थित संतराम सोनी की दीवार से भिड़ गई। इस दौरान उनकी दीवार भी टूटकर गिर गई। शोर सुनकर जब तक अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचते कार छोड़कर चालक घटनास्थल से भाग निकला। पार्वती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मानकी को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां पर उनकी भी मौत हो गई। गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्र ने बताया कि कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उस पर लखनऊ का नंबर लिखा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पार्वती व मानकी की मौत से छिनी परिवार की खुशियां पार्वती व मानकी के घर अगल-बगल हैं। पार्वती के पिता लाल बहादुर निषाद गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। वह चार दिन पहले ही गुजरात गए। भाई-बहनों में सबसे बड़ी पार्वती थी। घर पर उसकी मां रंजना देवी, छोटी बहन रामरती, भाई सुरेंद्र, अरविंद व छोटी बहन जलपरी हैं। वहीं मानकी के पिता ओम प्रकाश की सात साल पहले ही मौत हो गई थी। घर में बड़ा भाई लालजी मजदूरी करता है। बड़ी बहन कंचन का विवाह हो चुका है। मानकी सबसे छोटी थी। घर पर उनकी मां तीर्थ कुमारी भी रहती हैं। परिजनों ने बताया कि दोनों सहेलियां थीं। उनकी मौत से दोनों परिवार की खुशियां छिन गईं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 03, 2026, 19:17 IST
Sultanpur: हाईवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो सहेलियों की मौत, जलाभिषेक कर लौट रही थीं दोनों #CityStates #Sultanpur #SultanpurNews #LucknowBaliyaRajmarg #AccidentInSultanpur #SubahSamachar
