Hisar News: अंधविश्वास ने ले ली स्वास्थ्य विभाग के चौकीदार की जान
हिसार। सांप के डसने के बाद समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के अंधविश्वास ने स्वास्थ्य विभाग के चौकीदार की जान ले ली। परिजन उसे पहले झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए। वहां आराम नहीं मिलने और तबीयत बिगड़ने पर उसे हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल कराया जहां उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई।हांसी जिले के गांव मसूदपुर निवासी सुशील ने बताया कि उसका 45 वर्षीय भाई शमशेर स्वास्थ्य विभाग में चौकीदार के पद पर तैनात था। उसकी ड्यूटी डाटा गांव में थी। दो नवंबर की रात ड्यूटी के दौरान उसे सांप ने डस लिया। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़ा लगवाने वाले के पास ले गए। इससे उसकी हालत में सुधार होने के बजाय और बिगड़ गई। शरीर में जहर फैलने के बाद परिजन उसे हिसार के सर्वेश अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर 12 बजे उसकी मौत हो गई। शमशेर शादीशुदा था। उसके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है।महिला भी हुई थी अंधविश्वास की शिकारइससे पहले जिले के गांव मीरपुर में भी अंधविश्वास के चलते एक महिला की जान चली गई थी। सांप के डसने के बाद परिजन 51 वर्षीय शकुंतला को अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़ा लगवाने के लिए गांव डाया ले गए थे। वहां झाड़ा लगाने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था।सांप के डसने पर यह बरतें एहतियातजिला नागरिक अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रभुदयाल ने बताया कि सांप के डसने पर प्रभावित अंग की मूवमेंट कम रखनी चाहिए। आधे से एक घंटे के भीतर मरीज को ऐसे अस्पताल ले जाना चाहिए जहां एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध हो। जिला नागरिक अस्पताल में यह दवा उपलब्ध है। यह सभी तरह के सांपों के काटने पर कारगर है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि सांप के डसने पर झाड़-फूंक और अंधविश्वास के चक्कर में पड़ने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 22:41 IST
Hisar News: अंधविश्वास ने ले ली स्वास्थ्य विभाग के चौकीदार की जान #SuperstitionClaimsTheLifeOfAHealthDepartmentWatchman #SubahSamachar
