मोबाइल चोरी, जहरखुरानी-गुमशुदगी मामलों में करें कार्रवाई : एसपी
हरिद्वार। जीआरपी पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती ने मंगलवार को रानीपुर स्थित मुख्यालय में फरवरी माह की अपराध समीक्षा बैठक ली। उन्होंने थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक की शुरुआत में एसपी ने जीआरपी हरिद्वार थाने में तैनात एसआई प्रमोद कुमार को फरवरी माह में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ घोषित कर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद विभिन्न अपराधों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में लापता व्यक्तियों की शीघ्र तलाश सुनिश्चित करें। कहा कि रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल चोरी और जहरखुरानी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी की मदद से तुरंत जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।एसपी ने पुलिस आपके द्वार अभियान के तहत यात्रियों को जहरखुरानी और टिकट धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एस्कॉर्ट ड्यूटी को मजबूत, सुनसान रेलवे ट्रैक पर नियमित पेट्रोलिंग करने पर भी जोर दिया। बैठक में आगामी चारधाम यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 10, 2026, 17:34 IST
मोबाइल चोरी, जहरखुरानी-गुमशुदगी मामलों में करें कार्रवाई : एसपी #TakeActionInCasesOfMobileTheft #PoisoningAndDisappearance:SP #SubahSamachar
