तमिलनाडु चुनाव की तैयारियां: चेन्नई पहुंची चुनाव आयोग की टीम, शशिकला की राजनीति में वापसी, नई पार्टी का एलान
Tamil Nadu Elections 2026:तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एक तरफ चुनाव आयोग की एक उच्च स्तरीय टीम तैयारियों का जायजा लेने चेन्नई पहुंची है। वहीं दूसरी ओर, राज्य की राजनीति में अहम स्थान रखने वाली वी.के. शशिकला ने भी वापसी का एलान कर दिया है। उन्होंने एक हफ्ते के अंदर अपनी नई राजनीतिक पार्टी का नाम घोषित करने और चुनाव लड़ने की पुष्टि की है। चुनाव तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोग की टीम मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की एक टीम गुरुवार को चेन्नई पहुंची। यह टीम तमिलनाडु और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करेगी। इस सात सदस्यीय टीम में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। आयोग की टीम चेन्नई में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), जिला चुनाव अधिकारियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी। इस दौरान चुनावी तैयारियों, आदर्श आचार संहिता, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान के चरणों पर चर्चा होगी। इससे पहले आयोग ने पुडुचेरी में भी अधिकारियों के साथ बैठक की थी। वहां अधिकारियों को बिना किसी डर के कानून का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, चुनाव से पहले नकदी, शराब, ड्रग्स और मुफ्त के सामानों के लेन-देन पर रोक लगाने के लिए कहा गया। शशिकला की राजनीति में वापसी, नई पार्टी का एलान उधर, तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की करीबी सहयोगी रहीं वी.के. शशिकला ने अपनी नई पार्टी बनाने की घोषणा की है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि पार्टी का नाम एक हफ्ते के भीतर सामने आ जाएगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। चेन्नई एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए शशिकला ने कहा कि पार्टी को औपचारिक रूप से शुरू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए गठबंधन को लेकर भी बातचीत हो रही है और जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा। उनके इस बयान से राज्य में नई राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई हैं। जब उनसे पूछा गया कि चुनाव से पहले कम समय में पार्टी बनाना क्या एक चुनौती होगी, तो उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग उनके राजनीतिक सफर से परिचित हैं, इसलिए समर्थन जुटाने में कोई खास मुश्किल नहीं आएगी। इस दौरान शशिकला ने कम्युनिस्ट पार्टी के दिवंगत नेता आर. नल्लाकन्नू को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने नल्लाकन्नू को गरीबों के लिए जीवन समर्पित करने वाला नेता बताया। शशिकला की इस घोषणा को तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। यह भी पढ़ें:Tamil Nadu: तमिलनाडु की सियासत में नई पार्टी की एंट्री, जयललिता की करीबी रहीं शशिकला का एलान; जानें क्या कहा
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 26, 2026, 09:25 IST
तमिलनाडु चुनाव की तैयारियां: चेन्नई पहुंची चुनाव आयोग की टीम, शशिकला की राजनीति में वापसी, नई पार्टी का एलान #IndiaNews #National #TamilNaduElections2026 #SasikalaNewParty #TamilNadu #SubahSamachar
