Roorkee News: एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर शिक्षक से लाखों ठगे

सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर एक शिक्षक से धोखाधड़ी कर 18 लाख से अधिक की रकम हड़प ली है। ठगी के शिकार शिक्षक जहांगीर आलम ने लखनऊ निवासी डॉ. शकील अहमद, इकबाल अहमद सिद्दीकी और इकबाल अहमद की पुत्री इफ्फत इकबाल के खिलाफ लक्सर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।सुल्तानपुर निवासी शिक्षक जहांगीर आलम ने तहरीर में बताया कि उनका परिचय वर्ष 2018 में हज ड्यूटी के दौरान आरोपी डॉ. शकील अहमद से हुआ था। उनके बीच पारिवारिक संबंध बन गए थे। उनका बेटा एमबीबीएस की तैयारी कर रहा था लेकिन वर्ष 2023 में वह परीक्षा में असफल हो गया। वर्ष 2024 में दोबारा परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने डॉ. शकील अहमद से सलाह ली तो उन्होंने बताया कि उनके परिचित इकबाल अहमद सिद्दीकी की सरकार में अच्छी जान पहचान है।वह राज्यपाल कोटे से उनके बेटे का उत्तर प्रदेश या बिहार के सरकारी कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला करा देंगे। इसके लिए आरोपियों ने उनसे 70 लाख रुपये की मांग की। उन्होंने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई जिसके बाद उनके बीच 50 लाख में बात तय हो गई। उन्होंने 13 मई 2024 को आरोपियों के बताए बैंक खातों में दो किस्तों में 36 लाख की रकम ट्रांसफर कर दी।22 नवंबर 2024 को भी आरोपियों ने उनसे 20 हजार रुपये एक खाते में ट्रांसफर कराए लेकिन उनके बेटे को एमबीबीएस में दाखिला नहीं मिला। उनके पुलिस को शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने पांच अप्रैल 2025 को चार लाख 11 हजार और एक अगस्त 2025 को 14 लाख 11 हजार रुपये उनके खाते में वापस भी किए लेकिन इसके बाद उनके दिए गए चेक बाउंस हो गए। इसके बाद आरोपियों ने पैसे मांगने पर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 29, 2026, 15:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Roorkee News: एमबीबीएस में दाखिले के नाम पर शिक्षक से लाखों ठगे #TeacherDupedOfLakhsInTheNameOfMBBSAdmission #SubahSamachar