Rishikesh News: ढोल-दमाऊं की थाप पर झूमे शिक्षक

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में खुशी का माहौल उत्सव में बदल गया। विद्यालय परिसर में ढोल-दमाऊं की थाप गूंज उठी। शिक्षक और शिक्षिकाएं खुद को रोक नहीं पाए और पारंपरिक धुनों पर जमकर थिरकते नजर आए। पूरे विद्यालय में जश्न का माहौल रहा, जहां हर चेहरा गर्व और खुशी से दमक रहा था।अभिभावकों ने भी विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां का वातावरण और शिक्षकों का समर्पण ही बच्चों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है। आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर विद्यालय का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में विद्यार्थियों ने प्रदेश की वरीयता सूची (मेरिट) में स्थान प्राप्त कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया।विद्यालय में प्रदेश की वरीयता सूची में हाईस्कूल के छात्र सक्षम ने 13वीं, अक्षिता गैरोला ने 16वीं, अर्णव बसलियाल ने 17वीं, निखिल रतूड़ी ने 20वीं, अभिषेक राणा ने 21वीं, शिवानी सेमवाल ने 24वीं और सांची चोपड़ा ने 25वां स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट में आर्यन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की वरीयता सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त कर प्रदेश और शहर का नाम रोशन किया है। इसके अलावा गौरव ने 17वीं, हिमांशु गुप्ता (कॉमर्स) ने 23वीं, अन्वेशिका रतूड़ी ने 25वां स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय और प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और संस्कारों का परिणाम है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 26, 2026, 02:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rishikesh News: ढोल-दमाऊं की थाप पर झूमे शिक्षक #TeachersDancedToTheBeatOfDrums #SubahSamachar