Kotdwar News: शिक्षकों की ड्यूटी एसआईआर में लगाने से पढ़ाई प्रभावित
प्रधानाचार्य व एक शिक्षक के भरोसे चल रहा विद्यालयकोटद्वार। भाबर क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज झंडीचौड़ में शिक्षकों की कमी के बीच एसआईआर समेत अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित हो गई है। जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने मामले में एसडीएम संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों को तत्काल गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग की है।ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में करीब 450 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। पहले से ही हिंदी, अर्थशास्त्र और इतिहास विषय के प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। इसके अलावा तैनात शिक्षकों को कई महीनों से जनगणना, एसआईआर, राशन कार्ड सत्यापन सहित अन्य सरकारी कार्यों में लगाया गया है। इसके चलते विद्यालय में नियमित शिक्षण कार्य बाधित हो गया है। वर्तमान में विद्यालय का संचालन केवल प्रधानाचार्य और एक शिक्षक के भरोसे हो रहा है।जनप्रतिनिधियों का कहना है कि विद्यालय में अध्ययनरत अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं। ऐसे में शिक्षकों की अनुपलब्धता के कारण उनकी पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि विद्यालय में तैनात शिक्षकों को तत्काल गैर-शैक्षणिक दायित्वों से मुक्त किया जाए और रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यार्थियों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद सुखपाल शाह, पार्षद सीता देवी, पीटीए अध्यक्ष आनंद घिल्डियाल और विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 01, 2026, 18:48 IST
Kotdwar News: शिक्षकों की ड्यूटी एसआईआर में लगाने से पढ़ाई प्रभावित #TeachingAffectedByAssigningTeachersToSIRDuty. #SubahSamachar
