Prayagraj : किशोरी को छोड़ने की मांग, सात घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा किशोर

पूरामुफ्ती बाजार के पास मंगलवार को नाराज किशोर बंद पड़े मोबाइल टावर पर चढ़ गया। किशोरी को छोड़ने की मांग करते हुए टावर से कूदने की धमकी दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब सात घंटे के बाद देर शाम बारिश के बीच किशोर को सुरक्षित नीचे उतारा। सोमवार को एयरपोर्ट थाना क्षेत्र का रहने वाला किशोर फतेहपुर घाट के पास रिश्तेदार के यहां आया था। मंगलवार को वह पूरामुफ्ती बाजार पहुंचा और मोबाइल टावर पर चढ़ गया। दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। किशोर को नीचे उतारने की कोशिश की तो वह कूदने की धमकी देने लगा। परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।इस दौरान बताया गया कि कुछ दिन पहले वह गांव की एक किशोरी को अपने साथ ले गया था। एयरपोर्ट थाने में मामले की एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में किशोरी को खोजकर वन स्टॉप सेंटर भेजा गया था। किशोर को न्यायालय से राहत मिल गई थी। किशोर उसी किशोरी को छोड़े जाने की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा। शाम करीब सात बजे पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने उसे नीचे उतारा। पूरामुफ्ती थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि किशोर को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। शिकायत पर की गई थी मारपीट एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की महिला ने पुलिस को बताया था कि उनकी 16 वर्षीय बेटी को गांव का ही किशोर 20 अप्रैल को बहलाकर ले गया था। शिकायत लेकर वह किशोर के घर पहुंची तो उसे मारापीटा गया। इसके बाद पीड़िता ने 24 अप्रैल को एयरपोर्ट पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई थी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 16:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Prayagraj : किशोरी को छोड़ने की मांग, सात घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा किशोर #CityStates #Prayagraj #TowerClimbing #ClimbingTower #PrayagrajNewsToday #SubahSamachar