Tejashwi Yadav: बंगाल-असम चुनाव के बाद क्या करेगी एनडीए सरकार, तेजस्वी यादव ने बताया; नीतीश कुमार पर भी बोले
आज मुख्यमंत्री नीतीश विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब कोई सदस्य दूसरे सदन में जाता है, तो उसे पहले वाले सदन से इस्तीफा देना होता है, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जो इस्तीफा दिया, वह भाजपा के दबाव में लिया गया निर्णय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने न सिर्फ नीतीश कुमार को ठगा, बल्कि बिहार की जनता को भी ठगा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि वे पहले से ही कहते आ रहे थे कि जब भाजपा की सरकार बनेगी, तो वह नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान धनबल और मशीनरी का उपयोग किया गया। महिलाओं से ₹2 लाख देने का वादा किया गया, जिसमें चुनाव के समय ₹10 हजार दिए गए और शेष ₹1 लाख 90 हजार बाद में देने की बात कही गई, जिसका अब तक कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बिहार की जनता और विशेषकर महिलाओं को ठगा है। 'भाजपा ठगने का ही करती है काम' तेजस्वी यादव ने मुफ्त बिजली के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा की गई थी, जबकि उनकी पार्टी ने 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि बिहार में बिजली दर देश में सबसे अधिक है और अब फिर से दरों में वृद्धि कर दी गई है। उन्होंने इसे “ठगों की सरकार” करार दिया। 'चुनाव समाप्त होते ही बढ़ेंगे दाम' महंगाई पर हमला करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें फिलहाल नियंत्रित रखी गई हैं, लेकिन जैसे ही बंगाल और असम के चुनाव समाप्त होंगे, कीमतों में भारी वृद्धि की जाएगी। 'बिहार में बिगड़ी है कानून-व्यवस्था' उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि बिहार में शायद ही कोई दिन गुजरता हो जब गोलीबारी और हत्याएं न होती हों। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का ध्यान केवल सत्ता हासिल करने पर है। 'मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ठगा गया' अगले मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर वे कुछ नहीं कह सकते, लेकिन यह स्पष्ट है कि भाजपा ने नीतीश कुमार को ठगा है और अब वे मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। जदयू नेताओं के भावुक होने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह भावुकता नहीं, बल्कि कैमरे के सामने किया गया प्रदर्शन है। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से अशोक चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग पढ़ाने के साथ-साथ “कलाकारी” भी करते हैं। 'तब तक नहीं होगा बिहार का विकास' तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के ज्वलंत मुद्दों पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। हाल ही में ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हुई, लेकिन उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि 2012 के बाद से बिहार में कोई स्थिर सरकार नहीं रही है, और जब तक स्थायी सरकार नहीं बनेगी, तब तक विकास संभव नहीं है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 30, 2026, 14:47 IST
Tejashwi Yadav: बंगाल-असम चुनाव के बाद क्या करेगी एनडीए सरकार, तेजस्वी यादव ने बताया; नीतीश कुमार पर भी बोले #CityStates #Patna #Bihar #SubahSamachar
