Chandigarh-Haryana News: श्राइन बोर्ड में आया मंदिर, छह माह से अटका वेतन
बेरी मंदिर के स्टाफ ने सीएम से लगाई वेतन के लिए गुहार अमर उजाला ब्यूरोचंडीगढ़। झज्जर के बेरी स्थित प्रसिद्ध मां भीमेश्वरी मंदिर में कार्यरत 22 कर्मचारी पिछले करीब छह माह से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। मंदिर को बीती 3 दिसंबर से श्राइन बोर्ड के अधीन लाए जाने के बाद कर्मचारियों का वेतन अटक गया है। इस समस्या को लेकर कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और बकाया वेतन जल्द जारी कराने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल में शामिल विकास पुरी, राजेश शर्मा, प्रदीप वत्स, रजत कुमार, मनोज कुमार, मुन्नीलाल, सुल्तान सिंह ने बताया कि वेतन न मिलने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि वे इस संबंध में बेरी की एसडीएम एवं श्राइन बोर्ड की सीईओ रेणुका नांदल व झज्जर उपायुक्त से भी कई बार मिल चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि वेतन भुगतान संबंधी प्रस्ताव मंजूरी के लिए चंडीगढ़ भेजा गया है लेकिन अभी तक राशि जारी नहीं हुई। कर्मचारियों ने कहा कि मंदिर में सरकार की ओर से दानपात्र स्थापित किए जा चुके हैं और नई व्यवस्था के तहत संचालन भी हो रहा है फिर भी वेतन लंबित है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को जल्द वेतन के भुगतान का आश्वासन दिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 25, 2026, 19:10 IST
Chandigarh-Haryana News: श्राइन बोर्ड में आया मंदिर, छह माह से अटका वेतन #TempleBroughtUnderShrineBoard;SalariesPendingForSixMonths. #SubahSamachar
