Korba News: कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार
साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए कोरबा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, देश के विभिन्न राज्यों में ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल खातों के संबंध में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर की गई है, जिसके तहत ऐसे खातों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। म्यूल खातों का गोरखधंधा म्यूल खातों से तात्पर्य ऐसे बैंक खातों से है, जिन्हें खाताधारक पैसे के लालच में साइबर ठगों को किराए पर दे देते हैं। इन खातों का उपयोग ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए किया जाता है, जिससे असली अपराधी अपनी पहचान छिपाने में सफल रहते हैं। समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के तकनीकी विश्लेषण में पाया गया कि थाना कुसमुंडा क्षेत्र के कुछ व्यक्तियों ने नए बैंक खाते खोलकर उन्हें साइबर ठगों को म्यूल खातों के रूप में उपलब्ध कराया था। इन खातों का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में की गई साइबर ठगी की रकम को जमा करने में किया जा रहा था। गिरफ्तारी और पुलिस की अपील प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद, साइबर पुलिस थाना कोरबा और थाना कुसमुंडा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि एम.डी. तवरेज (23) और पुष्पेंद्र साहू (22), दोनों आनंद नगर कुसमुंडा निवासी, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम, चेकबुक या ओटीपी किसी भी व्यक्ति को न दें, क्योंकि ऐसा करना एक दंडनीय अपराध है। साइबर अपराध से संबंधित किसी भी सूचना के लिए तत्काल साइबर पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। जन जागरूकता अभियान जारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ठग गिरोह लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाते हैं। वे रकम दोगुनी करने, लिंक भेजने या बैंक अधिकारी व पुलिस बनकर लोगों को झांसे में लेने का प्रयास करते हैं। ऐसे प्रयासों से बचने के लिए जन जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस आम जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने का आग्रह करती है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 16:16 IST
Korba News: कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Crime #Korba #KorbaNews #Chhattisgarh #CgNewsToday #SubahSamachar
