Kangra News: मां से नहाने की बात कह कर घर से निकले युवक का कुएं में मिला शव
थुरल (कांगड़ा)। क्षेत्र की पंचायत डूहक में शनिवार सुबह 24 वर्षीय युवक अक्षय जमवाल पुत्र गंधर्व जमवाल का शव कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। अक्षय सुबह लगभग सात बजे अपनी मां कुशमा जमवाल से यह कह कर घर से निकला था कि वह कुएं पर नहाने और पूजा करने जा रहा है और वापस आकर नाश्ता करेगा।काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो चिंतित परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। कुएं के समीप पहुंचने पर अक्षय के कपड़े और बाल्टी किनारे पर पड़ी मिली, जबकि उसकी चप्पलें पानी में तैर रही थीं। अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय निवासी विनय कुमार ने कुएं में कूदकर उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद दोबारा रस्सी के सहारे गहरे कुएं में उतरकर अक्षय को बाहर निकाला गया। ग्रामीण तुरंत अक्षय को थुरल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन के सूचित करने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आगामी कार्रवाई शुरू की। अक्षय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। थुरल पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में युवक का पैर फिसलने से कुएं में गिरने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले के सभी तथ्यों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। रविवार को गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 14, 2026, 17:53 IST
Kangra News: मां से नहाने की बात कह कर घर से निकले युवक का कुएं में मिला शव #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
