चमनगंज पुल हादसा: नहर में कूदे कृष्णा का मिला शव, 3 बेटों के पिता ने दी जान-परिवार में कोहराम

मिठौरा थाना क्षेत्र निचलौल के चमनगंज पुल से नहर में कूदे एक अधेड़ व्यक्ति का शव शनिवार सुबह बरामद हुआ। शुक्रवार की शाम को नहर में कूदने के बाद से पुलिस और स्थानीय लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। शनिवार सुबह शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, महाशय मोहल्ला निवासी कृष्णा द्विवेदी (50) शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे चमनगंज पुल के पास पहुंचे और अचानक नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण वह देखते ही देखते ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से देर रात तक खोजबीन कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम भी खोज अभियान में शामिल हुई। इसी दौरान बूढ़ाडीह क्षेत्र के टोला बेलवा बच्ची के पास छोटी नहर में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान कृष्णा द्विवेदी के रूप में हुई। शव मिलने की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार में पत्नी, तीन पुत्र और अन्य परिजन हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि शव घटना स्थल से कुछ दूरी पर बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 06, 2026, 12:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




चमनगंज पुल हादसा: नहर में कूदे कृष्णा का मिला शव, 3 बेटों के पिता ने दी जान-परिवार में कोहराम #CityStates #Maharajganj #MaharajganjHindiNews #MaharajganjUpdateNews #UpNews #SubahSamachar