Anuppur News: खेत में बने खंडहरनुमा मकान से मिला युवती का सड़ा-गला शव, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंवारी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खंडहरनुमा मकान से अज्ञात युवती का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सुबह खेत मालिक एवं सेवानिवृत्त फौजी रामखेलावन राठौर अपने खेत पर पहुंचे थे। खेत में बने पुराने, जर्जर मकान की ओर से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें संदेह हुआ। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो अंदर एक युवती का शव पड़ा मिला, जो बुरी तरह सड़ चुका था। उन्होंने तत्काल गांव लौटकर घटना की सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। घटनास्थल का मुआयना करने पर पुलिस को शव के पास एक पर्स मिला, जिसकी तलाशी लेने पर एक कागज की पर्ची बरामद हुई, जिस पर काजल पुरी नाम लिखा हुआ था। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की लेकिन युवती की पहचान के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। ये भी पढ़ें:Burhanpur News:नेपानगर में विकास का बिगुल, सीएम डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात, करोड़ों के कार्यों का लोकार्पण मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी भेज दिया है, जहां पहचान होने तक शव सुरक्षित रखा गया है। पुलिस के अनुसार काजल पुरी नाम से एक गुमशुदगी पहले से दर्ज है, जो कि 17 फरवरी से लापता बताई गई है। इस संबंध में परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने संबंधित परिजनों को शव की शिनाख्त के लिए बुलाया है। परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि होने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार खेत में बना वह मकान वर्षों से खंडहर की स्थिति में है और वहां आमतौर पर कोई नहीं जाता। किसान भी कभी-कभार ही वहां पहुंचते थे। ऐसे में शव वहां कब और कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। गांव में घटना को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 16, 2026, 12:51 IST
Anuppur News: खेत में बने खंडहरनुमा मकान से मिला युवती का सड़ा-गला शव, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच #CityStates #Crime #Anuppur #MadhyaPradesh #AnuppurNews #JaitahariNews #WomanBodyFoundAnuppur #DecomposedBodyCase #JaitahariPoliceInvestigation #AnuppurCrimeNews #MadhyaPradeshNews #SubahSamachar
