Hamirpur (Himachal) News: बच्चों की किताबों से दोस्ती कराएगा शिक्षा विभाग, पढ़ने की आदत की होगी परख
जिले के 416 प्राथमिक स्कूलों में रीडिंग रूम के इस्तेमाल की होगी समीक्षाजिला स्तरीय समिति स्कूलों में जाकर जांचेगी विद्यार्थियों के ज्ञान का स्तरसंवाद न्यूज एजेंसीहमीरपुर। मोबाइल और ऑनलाइन पढ़ाई के बढ़ते चलन के बीच बच्चों में किताबें पढ़ने की आदत विकसित करना शिक्षा विभाग के लिए चुनौती बन रहा है। विद्यार्थियों को किताबों से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने प्राथमिक स्कूलों में बनाए गए रीडिंग रूम का इस्तेमाल बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के तहत जिला स्तरीय निगरानी समिति स्कूलों में पहुंचकर पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ने की क्षमता और समझ का आकलन करेगी। समिति विद्यार्थियों से उनकी कक्षा के अनुरूप पढ़ने और समझने से जुड़े सवाल पूछेगी। विद्यार्थियों की परख के आधार पर यह देखा जाएगा कि बच्चे निर्धारित स्तर के अनुसार पढ़ पा रहे हैं या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि स्कूलों में रीडिंग रूम का कितना इस्तेमाल हो रहा है। निरीक्षण और आकलन के परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों के लिए आगामी कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। जिन बच्चों को पढ़ने और पढ़ी गई सामग्री समझने में कठिनाई होगी, उनकी जरूरत के अनुसार गतिविधियां करवाई जाएंगी। वर्तमान में जिले के छह शिक्षा खंडों में 416 प्राथमिक स्कूल हैं। इनमें प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यार्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई करवाई जा रही है, लेकिन पुस्तकों को नियमित रूप से पढ़ने की आदत कमजोर पड़ने के कारण स्कूलों में रीडिंग रूम तैयार किए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से अलग साहित्य और ज्ञानवर्धक सामग्री पढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सके। योजना का उद्देश्य बच्चों में शुरुआती कक्षाओं से ही पढ़ने की रुचि पैदा करना है। कोटविद्यार्थियों को किताबों से जोड़ने के लिए जिला स्तरीय समिति स्कूलों का निरीक्षण करेगी। इस दौरान विद्यार्थियों से कक्षावार प्रश्न पूछकर उनके पढ़ने और समझने के स्तर की परख की जाएगी। -नवीन, उपनिदेशक गुणवत्ता नियंत्रक एवं डीपीओ समग्र शिक्षा
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 16:21 IST
Hamirpur (Himachal) News: बच्चों की किताबों से दोस्ती कराएगा शिक्षा विभाग, पढ़ने की आदत की होगी परख #TheEducationDepartmentWillFosterABondBetweenChildrenAndBooks;TheHabitOfReadingWillAlsoBeAssessed. #SubahSamachar
