जिस हाथ में हुनर होना चाहिए उसमें नशे की सुई नहीं : सैनी
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभसैनी बोले- युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित हरियाणा की सबसे बड़ी ताकतअमर उजाला ब्यूरोचंडीगढ़। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवा केवल भविष्य ही नहीं बल्कि वर्तमान की भी सबसे बड़ी ताकत हैं जो विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। युवाओं की आकांक्षाएं चाहे कितनी भी बड़ी हों, उन्हें पूरा करने के लिए स्वस्थ और सक्षम शरीर आवश्यक है। अच्छे स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा, समान अवसर और सुरक्षित भविष्य की आकांक्षा रखने वाले युवाओं को सबसे पहले अपना शरीर स्वस्थ रखना होगा। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस हाथ में हुनर होना चाहिए उसमें नशे की सुई नहीं होनी चाहिए। जिन आंखों में जीवन की चमक होनी चाहिए उनमें नशे का अंधेरा नहीं होना चाहिए। स्वस्थ शरीर और अनुशासित चरित्र ही मजबूत भविष्य की नींव हैं। सीएम नायब सिंह सैनी बुधवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पंचकूला स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह अभियान 12 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में चलेगा। कहा- एचआईवी के साथ जीवन जी रहे व्यक्ति से दूरी बनाना अज्ञानता है। हमें बीमारी से लड़ना है, बीमार व्यक्ति से नहीं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि चुप्पी, कलंक और शर्म की तीन दीवारों को हमें मिलकर गिराना होगा। प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 10 अन्य लोगों तक एचआईवी से बचाव और उपचार से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनें। रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार पैदा करने के अवसरों की खोज करें। हरियाणा की प्रगतिशील एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 का लक्ष्य पांच वर्षों में 55,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश, 5 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित करने और प्रदेश के निर्यात को दोगुना करना है। उन्होंने कहा हरियाणा सरकार इस सप्ताह आइडिया थॉन आयोजित कर रही है जिसमें कोई भी युवा अपने विचार साझा कर सकता है। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के युवा खिलाड़ियों ने पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। 2014 से पहले भारत में नाममात्र स्टार्टअप होते थे लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली प्रेरणा के चलते देश के युवाओं ने हजारों स्टार्टअप स्थापित किए हैं जहां लाखों युवाओं को रोजगार भी मिला है। एचआईवी नियंत्रण के 95-95-99 लक्ष्य में हरियाणा के दो जिले सफलराष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) के 95-95-99 लक्ष्य को हासिल करने वाले देश के 15 जिलों में हरियाणा के कैथल और कुरुक्षेत्र भी शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर पंचकूला में सीएम नायब सिंह सैनी ने दोनों जिलों के प्रोजेक्ट अधिकारियों को सम्मानित किया। इस लक्ष्य के तहत एचआईवी से पीड़ित कम से कम 95 फीसदी लोगों को अपनी बीमारी की जानकारी, इनमें से 95 फीसदी को लगातार एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी और उपचार ले रहे कम से कम 99 फीसदी लोगों का वायरल लोड दबा हुआ होना जरूरी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 19:35 IST
जिस हाथ में हुनर होना चाहिए उसमें नशे की सुई नहीं : सैनी #TheHandThatShouldPossessASkillShouldNotHoldADrugSyringe:Saini. #SubahSamachar
