Agra News: आईजीआरएस शिकायतों की आड़ में निर्माणकर्ताओं का उत्पीड़न बंद हो
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल पूरा होने पर मंगलवार को आगरा विकास प्राधिकरण के जयपुर हाउस में अभियंता सम्मेलन आयोजित किया गया। यहां पर विकास कार्यों और नई योजनाओं की सराहना हुई, वहीं एकीकृत शिकायत निवारण तंत्र (आईजीआरएस) की शिकायतों के नाम पर निर्माणकर्ताओं के उत्पीड़न का मुद्दा भी उठा। शहर के सुनियोजित विकास और बिना नक्शा पास हो रहे अवैध निर्माणों को रोकने पर विशेष जोर दिया गया।शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इनर रिंग रोड और नई टाउनशिप से प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति में सुधार हुआ है। बिना नक्शा पास वाले अवैध निर्माणों पर चिंता व्यक्त की। प्राधिकरण के सदस्य शिव शंकर ने आईजीआरएस शिकायतों की आड़ में निर्माणकर्ताओं के उत्पीड़न को तत्काल बंद करने और निस्तारण प्रक्रिया को सरल बनाने की बात रखी। उन्होंने पीएम मोदी के इज ऑफ डूइंग बिजनेस मॉडल की याद दिलाई। एडीए उपाध्यक्ष एम अरून्मोली ने बताया कि एक समय एडीए के पास मात्र 6 करोड़ रुपये बचे थे और वेतन देने तक का संकट था। कर्ज आसानी से नहीं मिल रहा था। इस वित्तीय चुनौती से उबरते हुए पुरानी जमीन का नियोजन कर 36 साल बाद अटलपुरम योजना लॉन्च की गई है। ग्रेटर आगरा बना रहे हैं। जल्द ही टीटीजेड के नियमों का पालन करते हुए तीसरी स्कीम भी शुरू की जाएगी। सम्मेलन में प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद राय और उनकी टीम को सम्मानित किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 02:39 IST
Agra News: आईजीआरएस शिकायतों की आड़ में निर्माणकर्ताओं का उत्पीड़न बंद हो #TheHarassmentOfDevelopersUnderTheGuiseOfIGRSComplaintsMustStop. #SubahSamachar
