Karnal News: चार वर्षीय पाठ्यक्रम पूरा होने पर ही मिलेगी ऑनर्स की उपाधि
पानीपत। कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए चल रही आवेदन प्रक्रिया रविवार को संपन्न हो गई। अब 11 जून से दाखिले की दौड़ शुरू होगी। दाखिला प्रक्रिया को लेकर पंजीकरण करवा चुके अभ्यर्थियों में उत्साह बना हुआ है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद कॉलेजों में पंजीकरण को लेकर युवाओं की भीड़ रही। विद्यार्थी आवेदन से पहले पाठ्यक्रम व फीस की जानकारी के लिए कॉलेजों में स्थापित हेल्प डेस्क की मदद ले रहे हैं। कॉलेजों में आवेदन करने में लड़कियां काफी रूचि दिखा रही हैं।आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के नोडल अधिकारी पंकज चौधरी ने बताया कि ऑनर्स डिग्री के लिए उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से चार वर्षीय पाठ्यक्रम अनिवार्य किया गया है। इससे पहले विद्यार्थी किसी सब्जेक्ट विशेष में ऑनर्स कर सकता था लेकिन अब चार वर्षीय पाठ्यक्रम पूरा होने पर उन्हें ऑनर्स डिग्री प्रदान की जाएगी। ऑनर्स के लिए विद्यार्थियों में रुझान बढ़ा है। चार वर्षीय पाठ्यक्रम का एक फायदा यह भी होगा कि विद्यार्थी इसके बाद सीधे पीएचडी कर सकते हैं। वहीं, उन्हें सीधे तौर पर स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष में दाखिला मिलेगा अर्थात एक वर्ष में स्नातकोत्तर की डिग्री मिलेगी। आवेदन के अंतिम दिनों में आवेदन प्रक्रिया में तेजी देखने को मिली। हालांकि रिक्त सीटों की स्थिति को देखते हुए कॉलेजों में आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जा सकती है। शहर के प्रमुख कॉलेजों में कुल सीटों के मुकाबले लगभग 100 फीसदी आवेदन हो चुके हैं।बॉक्सपानीपत में आवेदन की स्थितिजिले के विभिन्न कॉलेजों में 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। सबसे ज्यादा पंजीकरण आर्य कॉलेज, एसडी कॉलेज और आईबी कॉलेज में हुए हैं। आर्य पीजी कॉलेज में 2370 सीटों के लिए करीब 2478 अभ्यर्थी, एसडी पीजी कॉलेज में 1870 सीटों के लिए करीब 2100 अभ्यर्थी और आईबी पीजी कॉलेज में 1440 सीटों के लिए करीब 1650 अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। वहीं, राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-18 में भी 780 सीटों के लिए 1235 अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। ऐसे में आवेदन की अंतिम तिथि सात दिन बढ़ाए जाने की संभावना है। बॉक्स10 जून को जारी होगी पहली प्रोविजनल मेधा सूचीउच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए पहली प्रोविजनल मेधा सूची 10 जून को जारी होगी। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन में हुई त्रुटि को ओटीपी बेस पर एक जून तक ठीक कर सकेंगे जबकि दस्तावेजों की जांच 06 जून तक होगी। 11 जून को पहली फाइनल मेधा सूची जारी होगी। विद्यार्थी 12 से 15 जून तक फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। दूसरे दौर की प्रोविजनल मेधा सूची 16 जून को जारी होगी। अभ्यर्थी 17 से 22 जून तक फीस जमा करवा सकेंगे। कॉलेजों में दाखिले के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य किए गए हैं। बॉक्सआपत्ति दर्ज कराने के बाद फार्म अपलोड करना जरूरीजिले के सभी कॉलेजों में आवेदनों के ऑनलाइन सत्यापन का कार्य जारी है। ऑनलाइन आवेदन के दौरान छात्र गलतियां भी कर रहे हैं। जिन विद्यार्थियाें ने कोई जरूरी दस्तावेज अपलोड नहीं किया है या उनके दस्तावेज में कोई कमी रह गई है तो ऐसे आवेदनों पर आपत्ति लगाकर विद्यार्थियों को सूचित किया जा रहा है। अगर कोई विद्यार्थी आपत्ति लगाए जाने के बाद भी अपना दस्तावेज जमा नहीं करता है तो उसका नाम मेधा सूची में नहीं आएगा। हालांकि छात्र एक जून तक संबंधित आपत्ति रिमूव करवा सकते हैं।14 कॉलेजों में 11140 सीटों पर होगा दाखिलाजिले में करीब 19 हजार विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसमें हरियाणा बोर्ड के 11927 विद्यार्थी और सीबीएसई के करीब 7000 विद्यार्थी शामिल हैं। जबकि जिले के 14 महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की 11140 सीटों पर दाखिला होना है। इनमें चार राजकीय, 5 राजकीय सहायता प्राप्त और 5 सेल्फ फाइनेंस कॉलेज शामिल हैं। ऐसे में अपनी-अपनी सीटों को भरने के लिए काॅलेज प्रशासन द्वारा भी पूरा जोर लगा दिया गया है।वर्जन-स्नातक कक्षाओं में आवेदन प्रक्रिया आज पूरी हो चुकी है। अब 17 जून तक दो मेधा सूची जारी की जाएगी। वहीं, 24 जून से ओपन काउंसलिंग के तहत रिक्त सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। कॉलेज में 2370 सीटों के लिए करीब 2478 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।- डॉ. जगदीश गुप्ता, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।वर्जन-आवेदन प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। काॅलेज में 1870 सीटों पर करीब 2100 आवेदन हो चुके हैं। अब विद्यार्थियों को शेड्यूल के अनुसार मेधा सूची के आधार पर दाखिले किए जाएंगे।- डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी महाविद्यालय, पानीपत।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 02:14 IST
Karnal News: चार वर्षीय पाठ्यक्रम पूरा होने पर ही मिलेगी ऑनर्स की उपाधि #TheHonoursDegreeWillBeAwardedOnlyAfterCompletionOfTheFour-yearCourse. #SubahSamachar
