Lucknow News: रायबरेली के आसपास छिपे हैं किशोरियों को खरीदने वाले पति-पत्नी
लखनऊ। कमीशन पर किशोरियों की खरीद-फरोख्त करने वाली राजस्थान के कोटा निवासी सोनम और उसके पति भूपेंद्र की लोकेशन रायबरेली के आसपास मिली है। पुलिस से बचने के लिए दोनों जल्दी-जल्दी लोकेशन बदल रहे हैं। उन्हें पकड़ने के लिए मोहनलालगंज पुलिस की दो टीमें रायबरेली रवाना हुई हैं। मोहनलालगंज पुलिस ने बृहस्पतिवार को किशोरियों को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सरगना रायबरेली निवासी प्रिया, उसके लिवइन पार्टनर अनुराग यादव, मो. अख्तर और एक नाबालिग को पकड़ा था। आरोपियों ने मोहनलालगंज निवासी दो किशोरियों को राजस्थान के कोटा में सोनम को बेचने का प्रयास किया था। वहीं, वर्ष 2025 में दो किशोरियों को बेच भी चुके थे। पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रिया की गिरफ्तारी के बाद से सोनम पति भूपेंद्र के साथ राजस्थान से भाग निकली है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए हैं। दोनों की लोकेशन कभी रायबरेली तो कभी उससे सटे हुए अमेठी, सुल्तानपुर और बाराबंकी में मिल रही है। इनमें सबसे अधिक देर तक दोनों आरोपी रायबरेली में ठहरे हैं। ऐसे में पुलिस की दो टीमें वहां के लिए रवाना की गई हैं। टीमों ने कई जगहों पर दबिश भी दी है। उधर, एक और टीम कोटा भेजी जाएगी, जो स्थानीय थाने से संपर्क कर पता करेगी कि क्या सोनम और भूपेंद्र किशोरियों के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं। व्हाट्सएप पर ग्राहकों से होती थी बात सूत्रों के मुताबिक, सोनम प्रिया से एक से डेढ़ लाख तक में किशोरियों को खरीद लेती थी। फिर उन्हें पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में शादी के लिए पहले से तय लोगों को मोटे दाम पर बेच देती थी। ग्राहकों को लाने का का उसका पति भूपेंद्र करता था। वही लोगों से व्हाट्सएप के जरिये सौदा तय करता था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 02:06 IST
Lucknow News: रायबरेली के आसपास छिपे हैं किशोरियों को खरीदने वाले पति-पत्नी #TheHusbandAndWifeWhoBuyTeenageGirlsAreHidingInTheVicinityOfRaebareli. #SubahSamachar
