Uttarkashi News: हर्षिल में सबसे कम और नौगांव में सबसे अधिक छात्र देंगे परीक्षा
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा : जिले के 63 केंद्रों पर होगी परीक्षासड़क से जुड़े सभी केंद्र, रात्रि सुरक्षा और सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षार्थीउत्तरकाशी। जनपद में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं के लिए बने 63 केंद्रों में से सबसे कम छात्र-छात्राएं हर्षिल और सबसे अधिक राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव में परीक्षा देंगे। हर्षिल में मात्र 13 छात्र-छात्राएं दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इसमें से आठ दसवीं और पांच 12वीं कक्षा की परीक्षा देंगे। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव में 485 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। शिक्षा विभाग की ओर से आज से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। परीक्षा के लिए परीक्षा-पत्र गत बुधवार को ही सभी केंद्रों में भेज दिए गए हैं। इसके साथ जिलाधिकारी के निर्देश पर इस बार परीक्षा केंद्रों में रात्रि में भी सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए पीआरडी के माध्यम से जवान तैनात किए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिला युवा कल्याण विभाग को पत्राचार किया गया है। साथ ही कुछ केंद्रों में भी आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं। हालांकि पिछले दो वर्षों से जनपद में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्र नहीं बनाए गए हैं। विभाग का कहना है कि सभी केंद्रों को अब सड़क से जोड़ा गया है। हालांकि कई स्थानों पर कच्ची सड़कें होने के कारण समस्याएं हैं लेकिन वहां पर दूरस्थ गांव के छात्र-छात्राएं परीक्षा तक केंद्र के आसपास ही प्रवास करते हैं। जनपद में दसवीं में इस वर्ष 3910 छात्र-छात्राएं संस्थागत और 22 व्यक्तिगत परीक्षा देंगे। साथ ही 12वीं में 3435 छात्र-छात्राएं संस्थागत और 64 व्यक्तिगत परीक्षा देंगे। सीईओ अमित कोटियाल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों में रात्रि में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीआरडी को पत्राचार किया गया है। साथ ही इसके लिए अभिभावक संघ आदि से बात की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 14:28 IST
Uttarkashi News: हर्षिल में सबसे कम और नौगांव में सबसे अधिक छात्र देंगे परीक्षा #TheLeastNumberOfStudentsWillAppearForTheExamInHarshilAndTheMostInNaugaon #SubahSamachar
