Auraiya News: छत, फर्श और दीवार बनवाने में प्रयुक्त सामग्री भी होगी बतानी

हरदोई। जनगणना-2027 में मकानों के सूचीकरण में परिवार के मुखिया को मकान की छत, फर्श और दीवार बनवाए जाने में प्रयुक्त सामग्री, शौचालय के प्रकार और पानी निकास तक की जानकारी देनी होगी। बृहस्पतिवार से शुरू हुई स्व-गणना में परिवार के मुखिया को 34 में 31 सवालों के जवाब दर्ज करने होंगे।जनगणना-2027 के पहले चरण के शुरू होते ही लोगों के मन में एचएलओ एप पर पूछे जाने वाले सवालों को लेकर लोगों में शंका और संशय है। जनगणना निदेशालय की तरफ से दिए गए 34 सवालों में पहले तीन सवालों में लाइन क्रमांक, भवन नंबर और जनगणना मकान नंबर के जवाब नहीं देने हैं जबकि सवाल संख्या चार से 34 तक के जवाब देने हैं। इसमें मुखिया को मकान के फर्श, छत और दीवार में प्रयुक्त सामग्री, मकान के उपयोग, जनगणना मकान की स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार में व्यक्तियों की संख्या, मुखिया का नाम, लिंग, एससी-एसटी, अन्य, मकान का स्वामित्व, कमरों की संख्या, पेयजल स्रोत, पेयजल उपलब्धता, प्रकाश का स्रोत, शौचालय है या नहीं, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट, कंप्यूटर-लैपटाॅप, टेलीफोन, मोबाइल फोन और स्मार्ट फोन, साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, कार, जीप, वैन और स्नानागार आदि की जानकारी देनी होगी। बताया कि एससी-एसटी के कॉलम में जानकारी भरे जाने के लिए आमजन की सुविधा के लिए राज्य और केंद्र शासित राज्यों की श्रेणीवार सूची दी गई है। फॉर्म भरने का तरीका समझने के लिए वीडियो भी उपलब्ध है।---स्व-गणना में डेटा भरे जाने पर एसएमएस और ई-मेल पर भी आएगी आईडीजनगणना-2027 के पहले चरण में स्व-गणना में परिवार के मुखिया की तरफ से एचएलओ एप पर 31 सवालों के जवाब दिए जाने के साथ ही डेटा पूरा होने पर एक आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी को ही प्रगणक को दिया जाना है। इसलिए जनगणना निदेशालय ने आईडी को पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पर भी प्राप्त कराने की सुविधा दी है ताकि परिवार के मुखिया को आईडी सुरक्षित करने में आसानी रहे।---जनगणना एक महत्वपूर्ण और राष्ट्रीय कार्यक्रम है। सभी को स्व-गणना में भागीदारी निभानी है। आमजन और जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वह जनगणना-2027 की स्व-गणना में सक्रिय योगदान करें। स्व-गणना में पूछे गए सवालों के जवाब आसान हैं, बस जरूरत हैं इनके सही-सही और शुद्ध जवाब देने की। इससे जिले की जनसंख्या के आकलन के साथ ही लोगों के पास उपलब्ध संसाधनों की भी जानकारी हो सकेगी। वैसे स्व-गणना में दर्ज जानकारी गोपनीय रहेगी और यह सूचना के अधिकार से भी मुक्त रखी गई है। -अनुनय झा, प्रमुख जनगणना अधिकारी

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 18:38 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Auraiya News: छत, फर्श और दीवार बनवाने में प्रयुक्त सामग्री भी होगी बतानी #TheMaterialsUsedInMakingTheRoof #FloorAndWallsWillAlsoBeMentioned. #SubahSamachar