Shahjahanpur News: माटीकला बोर्ड देगा निशुल्क आवासीय शिल्पकारी प्रशिक्षण
15 मई तक कर सकते ऑनलाइन आवेदनसंवाद न्यूज एजेंसी शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत माटीकला और माटी शिल्पकला को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। बोर्ड माटीकला कारीगरों और शिल्पियों को आधुनिक तकनीक से उत्पाद बनाने के लिए 15 दिवसीय निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान करेगा। यह प्रशिक्षण पिपरौला स्थित मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र पर आयोजित किया जाएगा।जिला ग्रामोद्योग अधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि इच्छुक नवयुवक और युवतियां 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन https://upmatikalaboard.in/ पर किए जा सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान दैनिक उपयोग की वस्तुएं, सजावटी सामान, खिलौने और मूर्तियां बनाना सिखाया जाएगा। इसमें मिट्टी के उत्पादों पर कटिंग, पच्चीकारी, चित्रकारी और नक्काशी जैसी विधाओं का भी प्रशिक्षण शामिल होगा। प्रशिक्षणार्थियों को बैंक से ऋण प्राप्त कर अपनी इकाई स्थापित करने की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। चयन विभाग या शासन द्वारा गठित चयन समिति द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में भोजन और आवास की निशुल्क व्यवस्था होगी। प्रशिक्षण के समापन पर छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे प्रशिक्षार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। --पात्रता और आवेदन प्रक्रियाआवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए और उसकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी हो। उसे माटीकला की जानकारी होनी चाहिए और साक्षर होना अनिवार्य है। आवेदन फॉर्म के साथ फोटो, आधार कार्ड, योग्यता प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक की छाया प्रति और जाति प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा। एक राशन कार्ड पर एक परिवार से केवल एक सदस्य का ही चयन किया जाएगा। चयन में दिव्यांग, बीपीएल परिवार के सदस्यों और महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 23, 2026, 17:45 IST
Shahjahanpur News: माटीकला बोर्ड देगा निशुल्क आवासीय शिल्पकारी प्रशिक्षण #TheMatikalaBoardWillProvideFreeResidentialCraftsmanshipTraining. #SubahSamachar
