Ayodhya News: अप्रैल में नहीं खुलेगा रामकथा संग्रहालय, बदला गया निर्णय
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने वाले रामकथा संग्रहालय को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। पहले अप्रैल माह में संग्रहालय की कुछ गैलरियों को चरणबद्ध तरीके से खोलने की योजना थी, लेकिन अब इस फैसले में बदलाव करते हुए सभी 20 गैलरियों को एक साथ आमजन के लिए खोलने पर सहमति बन गई है। इसी कारण अप्रैल में संग्रहालय के उद्घाटन की संभावना फिलहाल टल गई है।सूत्रों के अनुसार, संग्रहालय को अधूरे स्वरूप में जनता के सामने लाने के बजाय पूर्ण और प्रभावशाली अनुभव देने की मंशा से यह निर्णय लिया गया है। सभी 20 गैलरियों की पटकथा (स्क्रिप्ट) तैयार हो चुकी है, जिनमें रामायण की कथा को कालक्रमानुसार, भावनात्मक और ऐतिहासिक संदर्भों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। अब इन पटकथाओं को अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से किस तरह जीवंत बनाया जाए, इस पर विशेषज्ञ स्तर पर मंथन चल रहा है। अधिकारियों का मानना है कि एक साथ सभी गैलरियों के खुलने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को रामकथा का संपूर्ण और प्रवाहपूर्ण अनुभव मिलेगा। अलग-अलग चरणों में गैलरियां खोलने से कथा की निरंतरता टूट सकती थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह अहम फैसला किया गया है। जानकारी के अनुसार सभी गैलरियों की तकनीक आईआईटी चेन्नई की ओर से फाइनल की जाएगी। इंदौर के एक लैब में सभी गैलरियों की तकनीक विकसित करने का काम आईआईटी चेन्नई के निर्देशन में चल रहा है। 15 से 20 दिन के भीतर यह काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद तकनीक का परीक्षण करने के लिए फ्रांस से विशेषज्ञों की टीम मार्च के पहले सप्ताह में आएगी। टीम की हरी झंडी के बाद तकनीक को फाइनल कर दिया जाएगा।नहीं होगा तकनीकी गुणवत्ता से समझौता रामकथा संग्रहालय में भगवान श्रीराम के जीवन, वनवास, रामसेतु निर्माण, लंका विजय, रामराज्य और रामायण से जुड़े विविध प्रसंगों को ऑडियो-विजुअल, थ्री-डी प्रोजेक्शन, होलोग्राम, लाइट एंड साउंड और इंटरएक्टिव तकनीक के जरिये दर्शाने की योजना है। यही कारण है कि तकनीकी गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसके लिए समय लिया जा रहा है। सेवन डी तकनीक से हनुमान की गाथा भी प्रदर्शित की जाएगी। सेवन डी गैलरी के लिए हैदराबाद से विशेष कुर्सियां मंगाई गई हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 20:54 IST
Ayodhya News: अप्रैल में नहीं खुलेगा रामकथा संग्रहालय, बदला गया निर्णय #TheRamkathaMuseumWillNotOpenInApril;TheDecisionHasBeenChanged #SubahSamachar
