Meerut News: दूषित पेयजल से बीमारियां फैलने का खतरा
- भाकियू आजाद ने एसडीएम से की जांच की मांगसंवाद न्यूज एजेंसीसरधना। नगर में दूषित पेयजल आपूर्ति को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता जताई गई है। भाकियू आजाद की ओर से एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर नगर के कई मोहल्लों में फैल रही बीमारियों की जांच कराने और तत्काल सुधार की मांग की है। भाकियू आजाद के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में अवगत कराया कि पिछले करीब 15 दिनों में मोहल्ला बैरन सराय, सराय अफगान, पीरजादगान, ऊंचापुर, बुध बाजार और तकियाकैत में दूषित पानी के कारण खासकर बच्चे गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। हेपेटाइटिस के अलावा निमोनिया, बुखार, उल्टी-दस्त के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें से अनेक मरीजों का इलाज सीएचसी सरधना में किया गया है। ज्ञापन में बताया कि पूर्व में मोहल्ला मंडी चमारान में दूषित पानी के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से समय पर सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। संगठन ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से बड़ा हादसा हो सकता है। भाकियू आजाद ने प्रशासन से अपील करते हुए पूरे मामले की तत्काल जांच कराने, पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और नगरवासियों को राहत दिलाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में हनीफ राणा, रिहान मलिक, दानिश, सोनू, मुनीश, सुखबीर सिंह, अंकित शर्मा, प्रशांत, ललित आदि शामिल रहे। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नगर पालिका को तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश दिए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 24, 2026, 18:27 IST
Meerut News: दूषित पेयजल से बीमारियां फैलने का खतरा #TheRiskOfSpreadingDiseasesFromContaminatedDrinkingWater #SubahSamachar
