Kangra News: भागसूनाग में खुलेगा प्रदेश का दूसरा शी हाट
धर्मशाला। जिला कांगड़ा के पर्यटन केंद्र मैक्लोडगंज के समीप भागसूनाग में जल्द ही राज्य का दूसरा शी हाट स्थापित किया जाएगा। जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) और खंड विकास अधिकारी के माध्यम से इसके लिए उपयुक्त भूमि की तलाश शुरू कर दी गई है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्थानीय हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।भागसूनाग में प्रस्तावित इस शी हाट को एक कम्पलीट टूरिस्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक, प्राकृतिक और जैविक उत्पादों की बिक्री की जाएगी। इसके अलावा यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के रहने के लिए गेस्ट हाउस और स्थानीय पहाड़ी व्यंजनों के लिए विशेष रेस्तरा की सुविधा मिलेगा। साथ ही कौशल विकास केंद्र, ई-वाहन और अन्य नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।वर्तमान में जिला में हिम ईरा दुकानों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन शी हाट एक बड़े स्तर का प्रोजेक्ट होगा। इससे न केवल कांगड़ा बल्कि अन्य जिलों की महिलाओं के उत्पादों को भी एक बड़ा मंच मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों की मांग विदेशों तक बढ़ने की उम्मीद है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।यह है शी हाटयह पूर्णतः स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित एक केंद्र है। यह केवल एक दुकान नहीं, बल्कि एक ऐसा परिसर है जहां पारंपरिक उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ रेस्तरां, गेस्ट हाउस और कौशल विकास की सुविधाएं एक साथ उपलब्ध होती हैं। सिरमौर के बाद अब धर्मशाला इस अनूठी पहल का गवाह बनेगा।भागसूनाग में शी हाट खोलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है और वर्तमान में भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस राज्य स्तरीय केंद्र में अन्य जिलों की महिलाओं के उत्पादों को भी प्रदर्शित और विक्रय करने की योजना है। -भानु प्रताप सिंह, पीओ, डीआरडीए
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 02, 2026, 19:04 IST
Kangra News: भागसूनाग में खुलेगा प्रदेश का दूसरा शी हाट #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
