Kangra News: चार साल बाद चली रेलगाड़ी का चौथे ही दिन हांफा इंजन
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। पठानकोट से बैजनाथ के बीच करीब चार साल के लंबे इंतजार के बाद बहाल हुई नैरो गेज रेल सेवा की शुरुआत में ही तकनीकी बाधाएं सामने आने लगी हैं। सेवा शुरू होने के चौथे दिन ही शुक्रवार को इस रूट पर चल रही रेलगाड़ी का इंजन नगरोटा बगवां के समीप तकनीकी खराबी के चलते बंद हो गया। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।पठानकोट से बैजनाथ की ओर जा रही यह रेलगाड़ी जैसे ही नगरोटा बगवां पहुंची, इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारण यह स्टेशन पहुंचने से पहले ही पुलिस थाना के पास बीच रास्ते में रुक गई। ट्रेन के अचानक ट्रैक पर खड़े हो जाने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार गाड़ी करीब 45 मिनट तक वहीं खड़ी रही। नगरोटा बगवां रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर बबलू ने बताया कि गाड़ी पहले से ही देरी से चल रही थी, हालांकि तकनीकी खराबी के कारण इसे ट्रैक पर आधा से पौन घंटा अतिरिक्त रुकना पड़ा। उन्होंने बताया कि सुबह इस गाड़ी के पहुंचने का निर्धारित समय 9:50 बजे है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में कंडवाल के समीप चक्की पुल के ध्वस्त होने के बाद से यह रेल सेवा ठप पड़ी थी। चार साल के लंबे अंतराल के बाद 2 जून को ही इस रूट पर रेल सेवा को दोबारा बहाल किया गया था। सेवा शुरू होते ही तकनीकी खामियों ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 05, 2026, 17:55 IST
Kangra News: चार साल बाद चली रेलगाड़ी का चौथे ही दिन हांफा इंजन #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
