Ambala News: पीजी के नीचे मृत मिले युवक के सिर में था फ्रेक्चर
अंबाला। अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित लेखी कॉम्पलेक्स के बाहर शुक्रवार सुबह मृत मिले लखनऊ के बाहौली स्थित बक्शी का तालाब निवासी राहुल मिश्रा का पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया। फोरेंसिक एक्सपर्ट सहित तीन डॉक्टरों के बोर्ड से हुए पोस्टमार्टम में मृतक के सिर में भी फ्रेक्चर पाया गया है। हालांकि मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगा। महेश नगर थाना पुलिस की प्राथमिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है। राहुल अपने पीजी की दूसरी मंजिल पर होगा कि अचानक वो गिर गया होगा। गिरने के कारण ही मुंह व नाक से खून निकला होगा। उधर, पुलिस ने मृतक के पिता विनोद कुमार मिश्रा के बयान पर इत्तेफाकन मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा। राहुल पीजी में रहता था। पीजी के बाहर व आसपास कोई सीसीटीवी नहीं था जिसमें यह रिकॉर्ड हो गया हो। राहुल बैल कंपनी में कार्यरत था। मृतक के पिता विनोद कुमार मिश्रा एयरफोर्स में कार्यरत है। मृतक का एक छोटा भाई भी है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 00:38 IST
Ambala News: पीजी के नीचे मृत मिले युवक के सिर में था फ्रेक्चर #TheYoungManFoundDeadUnderThePGHadAFractureInHisHead. #SubahSamachar
