Bareilly News: ट्रांसपोर्टर के घर से 50 लाख की चोरी, दरवाजे खुले न ताले टूटे, पुलिस हैरान
बरेली के प्रेमनगर इलाके के प्रियदर्शनी नगर में ट्रांसपोर्टर अर्पित अग्रवाल के घर से करीब 50 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी हो गए। घटना तब हुई जब ट्रांसपोर्टर का परिवार मनाली गया था, जबकि उनके माता-पिता भूतल के हिस्से में रह रहे थे। घर लौटे ट्रांसपोर्टर को ताले भी लगे मिले। इससे पुलिस हैरान है। ट्रांसपोर्टर अर्पित अग्रवाल ने थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह को बताया कि वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ 21 जून को मनाली घूमने गए थे। इस दौरान उनके पिता अरविंद अग्रवाल और मां घर में भूतल पर रह रहे थे। शनिवार रात वे घर लौटे और ऊपर की मंजिल में बने उस हिस्से में पहुंचे जहां वे रह रहे थे। वहां ताला खोलकर वह अंदर गए तो पता लगा कि घर में चोरी हो चुकी है। चोरों ने ऊपर के बंद कमरों को निशाना बनाया। उन्होंने अलमारी खोलकर केवल कीमती जेवर और नकदी चुराई। बाकी आभूषण और सामान वहीं छोड़ दिया। अर्पित अग्रवाल ने जानकारी दी तो प्रेमनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। बिना ताला तोड़े, सीसीटीवी से बचते हुए और बुजुर्ग दंपती की मौजूदगी में चोरी होना घटनाक्रम को और संदिग्ध बना रहा है। फिलहाल पुलिस ने पड़ोसियों के कैमरों का डीवीआर ले लिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 03:36 IST
Bareilly News: ट्रांसपोर्टर के घर से 50 लाख की चोरी, दरवाजे खुले न ताले टूटे, पुलिस हैरान #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #Theft #Crime #Police #SubahSamachar
