Sonipat News: डिवाइन सिटी में बढ़ीं चोरी की वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर आरडब्ल्यूए ने उठाए सवाल
गन्नौर। डिवाइन सिटी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में रोष है। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए काॅलोनी प्रबंधन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष बृजेश गुलिया ने बताया कि कुछ दिन पहले बी-ब्लाॅक स्थित एक मकान से गैस सिलिंडर चोरी हो गया। इसके अलावा एक निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर बिजली के तार और मोटर चोरी कर ली गई। वहीं, सुमित कादियान की कोठी से एसी की काॅपर वायरिंग भी चोर उखाड़ ले गए। लगातार हो रही वारदातों से काॅलोनीवासी दहशत में हैं। उन्होंने कहा कि डिवाइन सिटी का रास्ता कई जगहों से खुला हुआ है जिससे असामाजिक तत्व आसानी से अंदर प्रवेश कर रहे हैं। खुले रास्तों को बंद करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कई बार प्रबंधन से की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्राॅपर्टी मालिकों से 4.5 रुपये प्रति वर्ग गज के हिसाब से मेंटेनेंस शुल्क लिया जाता है इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रीवेंस कमेटी मीटिंग में इसकी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 19:44 IST
Sonipat News: डिवाइन सिटी में बढ़ीं चोरी की वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर आरडब्ल्यूए ने उठाए सवाल #TheftIncidentsOnTheRiseInDivineCity;RWARaisesQuestionsAboutSecurityArrangements. #SubahSamachar
