Aligarh News: भिलावली मोड़ पर पांच दुकानों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी
क्षेत्र के गांव भिलावली मोड़ स्थित एक मार्केट की पांच दुकानों के शटर काटकर चोर लाखों का सामान चोरी करके ले गए। मार्केट के स्वामी गांव दभौरा निवासी अजय कुमार ने थाने में तहरीर दे दी है। अजय ने बताया कि भिलावली मोड़ पर उनकी मार्केट है। एक दुकान में वह स्वयं खाद-बीज की दुकान करते हैं। मार्केट स्वामी एवं दुकानदार अजय कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात को उनकी खाद-बीज की दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोर तीन गैस सिलिंडर, दस बोरी सरसों और 20 हजार रुपये नकद चोरी करके ले गए। प्रदीप कुमार ने बताया कि उनकी लीलावती क्लीनिक के शटर का ताला तोड़कर इन्वर्टर, बैटरा और 56 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। गांव कुतुकपुर निवासी सोनू सेंगर की बिल्डिंग मेटेरियल की दुकान तथा गांव हसौना निवासी नीतेश कुमार की दुकान के शटर का ताला तोड़ चुके चोर इन दुकानों से कोई सामान चोरी नहीं कर सके। बासिव हुलारी की टायर-पंचर की दुकान का ताला तोड़ कर रिंच, पाना तथा कंप्रेशर ले गए। कंप्रेशर सुबह को पास ही खड्डे में पड़ा मिल गया। बुधवार की सुबह जब दुकानदार दुकानों पर आए तो ताले टूटे पड़े देखकर सकते में आ गए। थाना प्रभारी ज्योति श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। चोरी के बाद बिखरा सामान।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 02:50 IST
Aligarh News: भिलावली मोड़ पर पांच दुकानों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी #AligarhNewstheftInShop #SubahSamachar
