Ayodhya News: अवैध तरीके से मसौधा चीनी मिल का गन्ना खरीदने का आरोप

अयोध्या। मसौधा चीनी मिल ने बलरामपुर समूह की चीनी मिलों पर उनके क्षेत्र में अवैध तरीके से गन्ना खरीदने का आरोप लगाया है। उनके इस कृत्य को प्रदेश के गन्ना आयुक्त की ओर से घोषित गन्ना सुरक्षण आदेश का खुला उल्लंघन बताकर कार्रवाई की मांग की है। चीनी मिल के वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना डॉ. एके त्रिपाठी ने बताया कि गन्ना आयुक्त की ओर से प्रदेश की चीनी मिलों के गन्ना क्षेत्र का निर्धारण किया जाता है। मौजूदा पेराई सत्र में चीनी मिल को गन्ना क्षेत्र सुरक्षित किया गया है। बलरामपुर समूह की चीनी मिल रौजागांव व अकबरपुर की ओर से कुछ बिचौलियों के माध्यम से अवैध तरीके से उनके क्षेत्र में गन्ने की खरीद की जा रही है। कृषकों ने चीनी मिल प्रबंधन को बताया कि रौजागांव चीनी मिल में गन्ने के वजन के अनुसार प्रति गाड़ी 20 लीटर डीजल व 390 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भुगतान किया जा रहा है। चीनी मिल प्रबंधन ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। बलरामपुर समूह की चीनी मिलों का इस तरह का कृत्य शासन की नीतियों के विरुद्ध व दूसरे चीनी मिल क्षेत्र में अतिक्रमण है।इससे चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति प्रभावित होगी और संबंधित समितियों काे गन्ना विकास अंशदान कम मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में गन्ना माफियाओं को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बलरामपुर समूह की चीनी मिलों में गन्ना बेचने वाले परास मझवार, सोनौली, बनगांव, अमौठी, तारुन, जयसिंहमऊ व बैदौली के किसानों की सूची भी सार्वजनिक की है। वहीं, रौजागांव चीनी मिल के एचओडी सुनील चौहान से वार्ता के लिए उनके मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल की गई, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।वहीं, रौजागांव चीनी मिल के एचओडी सुनील चौहान ने बताया कि आरोप निराधार हैं। कई बार किसान अपने रिश्तेदारों की पर्चियों पर गन्ना आपूर्ति कर देते हैं। उनके क्षेत्र के भी कई किसान मसौधा चीनी मिल में ऐसा करते हैं। वर्तमान परिवेश में दूसरे के क्षेत्र से गन्ना खरीद पाना आसान नहीं है।बनेंगे चेकपोस्ट, पुलिस की होगी तैनातीजिला गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव ने बताया कि दोनों चीनी मिलें एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। इसके निस्तारण के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से दोनों के क्षेत्र में चेकपोस्ट बनवाकर उन पर पुलिस बल की तैनाती कराई जाएगी। मसौधा चीनी मिल ने इधर संपर्क नहीं किया है, सिर्फ मीडिया में शिकायत कर रहे हैं। उन्हें इस मामले में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देना चाहिए। फिलहाल दोनों मिलों के प्रतिनिधियों को बृहस्पतिवार को बुलाया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 04, 2026, 20:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ayodhya News: अवैध तरीके से मसौधा चीनी मिल का गन्ना खरीदने का आरोप #TheyAreAccusedOfIllegallyPurchasingSugarcaneFromTheMasodhaSugarMill #SubahSamachar