Ayodhya News: असलहे के बल पर कार में बनाया बंधक, की लूटपाट
अयोध्या। कैंट कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र के पास से कार सवार एक व्यक्ति को बदमाशों ने उन्हीं की कार में बंधक बना लिया। बाद में असलहा सटाकर उन्हें इधर-उधर घुमाते रहे। उनकी पिटाई करके सोने की चेन व नकदी छीन ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू की है।दर्ज एफआईआर में शहर के शांतिनगर कॉलोनी निवासी उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना 27 जनवरी की रात 8:30 बजे की है। वह अपनी कार से औद्योगिक क्षेत्र स्थित पान की गुमटी के पास खड़े थे। गुमटी से सामान लेकर अपनी कार में बैठने लगे तो एक व्यक्ति उनके पास आकर खड़ा हो गया। उन्होंने उससे पूछताछ की तो उनके चेहरे पर उसने मुक्के से वार करके गाड़ी के भीतर धकेल दिया।इतने में ही कार के तीनों गेट से कई लोग अंदर आ गए और उनका हाथ पीछे से बांध दिया। उनकी आंख पर पट्टी बांध दी और पिटाई करते हुए उनके शरीर से तीन पिस्टल सटा दी। उनके सोने की चेन, घड़ी, चांदी का कड़ा आदि छीन लिया। लगभग दो घंटे तक वह लोग उन्हें गाड़ी में घुमाते रहे। उनसे उनके परिवार की निजी जानकारी पूछते हुए घटना की सूचना प्रशासन को देने पर परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देते रहे।दबाव बनाकर उनके मित्रों और रिश्तेदारों आदि को फोन करवाकर अलग-अलग बहाने से पैसा ट्रांसफर करने के लिए कहलवाया। बाद में उनके कार की चाबी उनके अगले पहिए के पास रखकर वह लोग निकल गए। पीड़ित ने जरिये डाक कैंट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। प्रभारी थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन की जा रही है। घटनास्थल से लेकर लोलपुर तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 20:49 IST
Ayodhya News: असलहे के बल पर कार में बनाया बंधक, की लूटपाट #TheyHeldHimHostageInTheCarAtGunpointAndRobbedHim #SubahSamachar
