Greater Noida: शादी में 50 लाख के गहनों-नकदी से भरा पर्स ले उड़े चोर, सीसीटीवी में कैद सूट-बूट पहने दो युवक
ग्रेटर नोएडा में ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान चोरों ने वधू की मां के करीब 50 लाख रुपये के कीमती गहनों और नकदी से भरा पर्स चोरी कर लिया। यह वारदात बैंक्वेट हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें दो युवक आराम से पर्स उठाकर बाहर निकलते दिख रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गाजियाबाद के विजय नगर निवासी डॉ. विनय गौतम की बेटी की शादी गुरुवार को चौगानपुर के पास गोल्डन ड्रीम बैंक्वेट हॉल में थी। शादी की रस्में शुरू होने के दौरान, रात करीब 12 बजे, वधू की मां कुसुम गौतम एक मेज पर रखा अपना पर्स गायब देखकर चिंतित हो गईं। पर्स में करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के जेवर थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। सूट-बूट में आए थे चोर, सीसीटीवी में कैद सीसीटीवी फुटेज में सूट-बूट पहने दो युवक मेज से पर्स उठाते और बिना किसी हड़बड़ी के हॉल से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने कुसुम गौतम की तहरीर के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी जेवरों की विस्तृत सूची और उनकी कुल कीमत पुलिस को उपलब्ध नहीं कराई गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी मेहमान बनकर आए थे या बाहर से घुसे थे। पुलिस ने गठित की विशेष टीम, जल्द खुलासे का दावा फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की है और जल्द ही इस वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के आने-जाने का मार्ग पता लगाया जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 18:22 IST
Greater Noida: शादी में 50 लाख के गहनों-नकदी से भरा पर्स ले उड़े चोर, सीसीटीवी में कैद सूट-बूट पहने दो युवक #CityStates #Noida #GreaterNoida #GreaterNoidaNewsToday #JewelryAndCash #SubahSamachar
