Sonipat News: देवीलाल कॉलोनी में सनरूफ से तीन राउंड फायरिंग, एक गिरफ्तार
सोनीपत। देवीलाल कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात से इलाके में दहशत है। आरोप है कि कहासुनी की रंजिश के चलते कार सवार युवकों ने पीड़ितों की कार से पीछा करते हुए एक युवक के घर तक पहुंचकर जानलेवा हमला किया और कार की सनरूफ से तीन राउंड फायरिंग कर दी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मूलरूप से गांव भटगांव हॉल सोनीपत की देवीलाल कॉलोनी निवासी गौरव ने थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनके भाई सौरभ का दिल्ली के नरेला निवासी शुभम और उसके साथियों के साथ कुछ समय पहले विवाद हुआ था। मामूली कहासुनी में हुए विवाद की रंजिश को लेकर शनिवार को शुभम व उसके साथियों ने सौरभ, उनके दोस्त आशीष और अक्षय का कार से पीछा किया। तीनों अपनी जान बचाकर कार से देवीलाल कॉलोनी स्थित घर पहुंच गए लेकिन आरोपी भी उनके पीछे-पीछे गली नंबर-1 तक आ गए। आरोप है कि इसी दौरान शुभम कार की सनरूफ से बाहर निकला और जान से मारने की नीयत से तीन बार फायरिंग की। गोलियां चलने से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। फिर आरोपी मौके से भाग गए। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके से तीन खोल बरामद हुए जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली।सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश ने बताया कि मामले में एएसआई नरेश की टीम ने कार्रवाई करते हुए विकास नगर निवासी निखिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।शुभम व अन्य की तलाश जारीपुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी शुभम व अन्य की तलाश तेज कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी शुभम पर पहले से ही 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही बताया कि शिकायतकर्ता पक्ष पर भी मारपीट की प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 14, 2026, 19:12 IST
Sonipat News: देवीलाल कॉलोनी में सनरूफ से तीन राउंड फायरिंग, एक गिरफ्तार #ThreeRoundsFiredFromSunroofInDevilalColony;OneArrested. #SubahSamachar
