फिल्मी अंदाज में पलटी कार: DME पर तीन गाड़ियां भिड़ीं, एक होंडा सिटी विपरीत दिशा में जाकर पलटी, कोई हताहत नहीं

गाजियाबाद के मसूरी में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर फिल्मी स्टाइल में तीन कारें भिड़ गईं। हवा में उछलकर होंडा सिटी विपरीत दिशा में जाकर पलट गई, गनीमत रही कोई हताहत नहीं हुआ। मंगलवार दोपहर 3 बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लाल कुआं के पास आईएमएस कॉलेज के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-नोएडा की ओर से आ रही तीन कारें आपस में टकरा गईं, जिसमें एक कार हवा में उछलकर दूसरी साइड में जा पलटी। हादसा इतना गंभीर था कि डिवाइडर की रेलिंग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही की सभी लोग सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होंडा सिटी कार व आई-10 तथा एक स्विफ्ट डिजायर तेज रफ्तार में लगभग एक साथ चल रही थीं, इसी दौरान एक वाहन द्वारा बीच से ओवरटेक करने के प्रयास में संतुलन बिगड़ गया और होंडा सिटी कार पहले डिजायर कार से साइड में टकराई, उसके बाद पीछे आई-10 कार में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर हवा में उछलकर पलट गई और दूसरी साइड में जा गिरी। हादसे में होंडा सिटी में सवार 16 वर्षीय समरित महला और चालक अफजल कार में फंस गये। सूचने मिलने पर एनएचएआई का बचाव दल और पुलिस मौके पर पहुंचे और दोनों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। समरित महला करनाल निवासी हैं और नोएडा सेक्टर 122 स्थित एक बैडमिंटन अकेडमी में प्रशिक्षण लेता है। वह अभ्यास के बाद अपने चालक के साथ घर लौट रहा था। दोनों मामूली रूप से घायल हुए हैं, उन्हें प्रथम उपचार के बाद घर भेज दिया। दूसरी ओर आई-10 कार चला रहे स्वर्ण जयंती पुरम निवासी वरुण उपाध्याय भी इस हादसे में मामूली रूप से घायल हुए, मगर इनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर अचानक हुई, संभालने का मौका ही नहीं मिला। वहीं स्विफ्ट डिजायर कार चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, उसकी पहचान के लिए एनएचएआई और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। हादसे के कारण 45 मिनट तक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे व एनएच-9 पर यातायात बाधित हो गया, बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू कराया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 31, 2026, 19:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




फिल्मी अंदाज में पलटी कार: DME पर तीन गाड़ियां भिड़ीं, एक होंडा सिटी विपरीत दिशा में जाकर पलटी, कोई हताहत नहीं #ShortVideos #Ghaziabad #Dme #DelhiMeerutExpressway #SubahSamachar