Almora News: चौखुटिया के सीमलखेत में मूसलाधार बारिश का कहर, एनएच बंद, छह घरों में घुसा मलबा

अल्मोड़ा जिले केचौखुटिया के सीमलखेत क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज बारिश के चलते बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) रातभर बंद रहा, जबकि छह परिवारों के घरों में मलबा और पानी घुस गया। एक मकान खतरे की जद में आ गया है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया है। शनिवार रात करीब 11 बजे सीमलखेत क्षेत्र के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश हुई। स्थानीय लोगों ने बादल फटने की आशंका जताई है। बारिश के कारण कुशरानी बैण्ड गधेरा उफान पर आ गया और आसपास के छोटे गधेरे भी गांव की ओर बहने लगे। इसके चलते बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया। रविवार सुबह करीब छह बजे एनएच कर्मियों ने जेसीबी की मदद से मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया, हालांकि सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। तेज बहाव के कारण भूमिकिया और घुडसाली तोक में हीरा सिंह नेगी, मेहरबान सिंह, बलवंत सिंह नेगी और दानीराम समेत छह परिवारों के घरों में मलबा और पानी घुस गया। दानीराम के मकान की सुरक्षा दीवार पूरी तरह बह गई, जिससे उनका घर खतरे की जद में आ गया है। ग्राम प्रधान आस्था नेगी ने प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग प्रशासन से की है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर एसडीएम सुनील कुमार, तहसीलदार मोहित देऊपा, राजस्व कर्मी अंकित जोशी, जिला पंचायत सदस्य किरण नेगी, ग्राम प्रधान आस्था नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता नेगी, गेवाड़ विकास समिति अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, पूर्व प्रधान हीरा सिंह नेगी और कोतवाल अशोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के साथ नुकसान का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, समीपवर्ती ग्राम पंचायत बिजरानी में भी गधेरे के उफान से कृषि भूमि को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने फसलों और कृषि भूमि के नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 16, 2026, 15:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Almora News: चौखुटिया के सीमलखेत में मूसलाधार बारिश का कहर, एनएच बंद, छह घरों में घुसा मलबा #CityStates #Almora #UttarakhandNews #UkNews #AlmoraNews #ChaukhutiaHeavyRainfall #SubahSamachar